Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

झारखंड के CM ने की BCCI से अपील, धोनी के लिए कराएं फेयरवेल मैच

हमें फॉलो करें झारखंड के CM ने की BCCI से अपील, धोनी के लिए कराएं फेयरवेल मैच
, रविवार, 16 अगस्त 2020 (01:54 IST)
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने क्रिकेटर महेन्द्रसिंह धोनी को युवाओं का प्रेरणास्रोत बताया है। हेमंत सोरेन ने तो उनके लिए रांची में एक फेयरवेल (विदाई) मैच कराने का खुला प्रस्ताव भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को दिया है।
 
भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान महेन्द्रसिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि देश और झारखंड को गर्व और उत्साह के अनेक क्षण देने वाले माही ने आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। हम सबके चहेते झारखंड के लाल माही को नीली जर्सी पहने अब नहीं देख पाएंगे, लेकिन देशवासियों का दिल अभी भरा नहीं।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं मानता हूं, हमारे माही का एक फेयरवेल मैच रांची में हो जिसका गवाह पूरा विश्व बने। बीसीसीआई से अपील करना चाहूंगा, माही का एक फेयरवेल मैच कराया जाये, जिसकी मेजबानी पूरा झारखंड करेगा।
 
दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अपने खेल और व्यवहार से अलग पहचान बनाने वाले झारखंड की शान कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। दास ने कहा कि क्रिकेट जगत और भारतीय टीम को आपकी कमी काफी खलेगी। देश को कई कप जिताने वाले हमारे प्यारे माही को दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं।
 
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने एक बयान में धोनी को झारखंड ही नहीं, पूरे देश का गौरव बताया।
 
उन्होंने कहा कि झारखंड से अनेक क्षेत्रों में खेल की प्रतिभाएं सामने आई हैं, लेकिन क्रिकेट में जिस प्रकार धोनी ने देश के लिए दो-दो विश्वकप जीते उससे राज्य और यहां के खिलाड़ियों को बड़ा यश प्राप्त हुआ।
 
शनिवार को एक इंस्टाग्राम संदेश के माध्यम से महेन्द्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा कर दी और सबका शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि शाम सात बजकर 29 मिनट से मुझे रिटायर समझें।
 
धोनी के आईपीएल के 13वें संस्करण में खेलने की उम्मीद है जिसके लिए वे रांची से चेन्नई पहुंच चुके हैं। चेन्नई में रविवार से चेन्नई सुपरकिंग्स का छह दिन कंडीशनिंग शिविर लगना है। तीन बार के आईपीएल विजेता धोनी चेन्नई टीम के कप्तान हैं। धोनी ने चेन्नई आने से पहले अपने गृहनगर रांची में कोरोना टेस्ट कराया था जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद वे चेन्नई के लिए रवाना हुए थे।
 
23 वर्ष की आयु में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए पदार्पण करने वाले धोनी आईसीसी की तीनों विश्व प्रतियोगिताएं जीतने वाले दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं और भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का श्रेय उन्हें जाता है। धोनी ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे में मेलबोर्न टेस्ट के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और जनवरी 2017 में उन्होंने विराट कोहली को वनडे और टी-20 की कप्तानी सौंप दी थी। (एजेंसियां)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

महेन्द्र सिंह धोनी के संन्यास पर बोले अमित शाह- दुनिया मिस करेगी हेलीकॉप्टर शॉट, पढ़ें विभिन्न हस्तियों की प्रतिक्रियाएं