Publish Date: Sat, 30 Nov 2019 (17:24 IST)
Updated Date: Sat, 30 Nov 2019 (17:35 IST)
एडीलेड। ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेजी से 7000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए जिन्होंने 1946 में बना रिकॉर्ड तोड़ा और ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में डान ब्रैडमेन को पछाड़कर 11वें स्थान पर आ गए।
स्मिथ ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट में एक रन लेकर इस आंकड़े को छुआ। उन्होंने 73 वर्ष पुराना इंग्लैंड के वेली हामंड का रिकॉर्ड तोड़ा। हामंड ने 131 पारियों में 7000 रन पूरे किए थे, जबकि स्मिथ की यह 126वीं पारी थी। भारत के वीरेंद्र सहवाग ने 134 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ट्वीट किया, सबसे तेज 7000 रन। तुम स्टार हो स्टीव स्मिथ। स्मिथ ने ब्रैडमेन को भी पछाड़ा जिनके 6996 रन हैं। स्मिथ ने इस साल एशेज श्रृंखला में 7 पारियों में 774 रन बनाए थे।
स्मिथ ब्रिस्बेन में पहले ही टेस्ट में ये रिकॉर्ड बना लेते लेकिन अप्रत्याशित ढंग से 4 रन पर आउट हो गए। अब उनका लक्ष्य ग्रेग चैपल से आगे निकलना होगा जिनके 7110 रन हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए रिकी पोंटिंग ने 168 टेस्ट में सर्वाधिक 13378 रन बनाए हैं।
(Photo courtesy: Twitter)