Publish Date: Mon, 23 Nov 2020 (17:40 IST)
Updated Date: Mon, 23 Nov 2020 (17:43 IST)
मेलबोर्न। महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग का मानना है कि हरफनमौला मार्कस स्टोइनिस एक साल पहले की तुलना में 5 गुना बेहतर खेल रहे हैं और वह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में फिनिशर सहित कई भूमिकाएं निभा सकते हैं।
स्टोइनिस ने हाल में संयुक्त अरब अमीरात में इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए 352 रन बनाने के साथ 13 विकेट चटकाए, जिसके कोच पोंटिंग थे। वह भारत के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हो रही वनडे और टी20 श्रृंखला के लिए आस्ट्रेलियाई टीम में हैं।
पोंटिंग ने कहा कि एलेक्स कैरी ने आईपीएल के दौरान स्टोइनिस के अंदर आए शानदार बदलाव के बारे में बताया।
पोंटिंग ने क्रिकेट डॉट काम डॉट एयू से कहा, वह आईपीएल के लिए पहुंचे जिसमें वह सीधे इंग्लैंड से आए थे, वह खुद में किए गए सुधारों को दिखाने के लिए काफी बेताब थे।
उन्होंने कहा, पिछले 2 वर्ष उनके साथ काफी समय बिताने के बाद मैंने जब उन्हें आईपीएल में देखा तो मुझे लगा कि वह 12 महीने पहले की तुलना में 5 गुना बेहतर हो गए थे। 31 वर्षीय स्टोइनिस को पिछले साल 50 ओवर के विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम से बाहर कर दिया गया था।
लेकिन उसने बिग बैश लीग में मेलबोर्न स्टार्स के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन की बदौलत सफल वापसी की, जिसमें उन्होंने एक ही सत्र में 705 रन जोड़े और साथ ही टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत नाबाद 147 रन का स्कोर भी बनाया।
पोंटिंग ने कहा कि स्टोइनिस ने खुद को फिनिशर के तौर पर साबित किया है लेकिन उनका मानना है कि उन्हें पारी का आगाज करना चाहिए।
पोंटिंग ने कहा, मुझे लगता है कि दिल्ली या फिर वह टी20 क्रिकेट में जिस भी टीम के लिए खेलते हैं, उसके लिए उन्हें शीर्ष क्रम में खेलना चाहिए। मुझे लगता है कि उन्होंने साबित किया है कि वह अब कई विभिन्न भूमिकाएं निभा सकता है।
उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि उन्हें सफेद गेंद की टीम में जितनी ज्यादा जिम्मेदारी दी जाएंगी, वह उतने ही बेहतर भी होंगे। देखेंगे कि भारत के खिलाफ अगले कुछ हफ्तों में क्या होता है। लेकिन अगर उन्हें इसमें ठीक मौका मिला तो मुझे लगता है कि वह प्रत्येक को प्रभावित कर लेंगे।