Publish Date: Fri, 30 Jul 2021 (12:43 IST)
Updated Date: Fri, 30 Jul 2021 (12:45 IST)
भारतीय क्रिकेट टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, श्रीलंका दौरे पर मौजूद टीम इंडिया के दो और खिलाड़ी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम की कोरोना रिपोर्ट की पॉजिटिव सामने आई है।
इन दोनों खिलाड़ियों से पहले मंगलवार को ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या भी कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। चहल और गौतम उन 9 खिलाड़ियों में शामिल थे, जो क्रुणाल के साथ करीबी संपर्क में बने हुए। क्रुणाल पांड्या के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद इन सभी 9 खिलाड़ियों को भी आइसोलेट कर दिया गया था।
हालांकि, बीसीसीआई के एक सूत्र ने अपने बयान में ऐसा कहा था कि क्रुणाल पांड्या के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके करीबी संपर्क में रहे सभी 9 सदस्यों को आरटी-पीसीआर टेस्ट हुआ है और सभी की रिपोर्ट भी नेगेटिव सामने आई है। लेकिन अब चहल और गौतम दोनों के कोविड-19 पॉजिटिव होने की खबरें सामने आ रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम इंडिया के शेष खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ के सदस्य जिनका कोरोना टेस्ट नेगेटिव आया है, वो सभी जल्द ही श्रीलंका से भारत के लिए उड़ान भरेंगे। जबकि क्रुणाल पांड्या और बाकि के 9 खिलाड़ियों को अभी भी आइसोलेशन में रहना होगा।