Publish Date: Wed, 29 Nov 2017 (19:07 IST)
Updated Date: Wed, 29 Nov 2017 (23:25 IST)
नई दिल्ली। ऑलराउंडर तिषारा परेरा भारत के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और इतने ही मैचों की ट्वंटी 20 सीरीज़ में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम की कप्तानी संभालेंगे जो उनके करियर में यह पहला मौका भी होगा। उन्हें उपुल थरंगा की जगह यह जिम्मा सौंपा गया है।
परेरा को तीन वनडे और तीन ट्वंटी 20 मैचों की सीरीज़ के लिये दोनों ही प्रारूपों में श्रीलंका का कप्तान बनाया गया है। भारत के खिलाफ छह दिसंबर को दिल्ली में टेस्ट सीरीज़ के तीसरे और आखिरी मैच के बाद सीमित ओवर सीरीज़ की शुरूआत 10 दिसंबर से होगी। श्रीलंका के भारत दौरे का समापन 24 दिसंबर को मुंबई में तीसरे ट्वंटी 20 के साथ होगा।
परेरा को सलामी बल्लेबाज़ उपुल थरंगा के स्थान पर श्रीलंका का सीमित ओवर कप्तान बनाया गया है, जिनकी कप्तानी में उसने अपने ही घरेलू मैदान पर इस वर्ष 0-5 की करारी शिकस्त झेली थी। ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज़ ने चैंपियंस ट्रॉफी में खराब प्रदर्शन के बाद कप्तानी छोड़ दी थी जिसके बाद दिनेश चांडीमल को टेस्ट जबकि थरंगा को सीमित ओवर कप्तान बनाया गया था।
थरंगा श्रीलंका के बेहतरीन बल्लेबाज़ों में हैं लेकिन उनकी कप्तानी संतोषजनक नही रही है लेकिन उनकी कप्तानी में श्रीलंका को दक्षिण अफ्रीका, भारत और पाकिस्तान के खिलाफ व्हाइटवॉश झेलना पड़ा है। (वार्ता)