Publish Date: Sun, 05 Mar 2017 (18:04 IST)
Updated Date: Sun, 05 Mar 2017 (18:05 IST)
सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाजी मार्क वॉ ने भारतीय कप्तान विराट कोहली की बल्लेबाजी शैली की आलोचना करते हुए कहा है कि वे अपनी एकाग्रता से भटक गए हैं इसलिए नकारात्मक बल्लेबाजी कर रहे हैं। विराट बेंगुलरु टेस्ट के पहले दिन शनिवार को ऑस्ट्रेलियाई ऑफ स्पिनर नाथन लियोन की गेंद पर शॉट नहीं खेल पाए और वे 12 रन पर पगबाधा आउट करार दिए गए।
मार्क वॉ ने कहा कि विराट का दिमाग इस समय काम नहीं कर रहा है। वे अपने खेल पर एकाग्रता नहीं रख पा रहे हैं। 2 नजदीकी क्षेत्ररक्षकों के कारण वे ज्यादा परेशानी में दिखाई दे रहे हैं। उनके आसपास 2 नजदीकी क्षेत्ररक्षकों के कारण वे नकारात्मक क्रिकेट खेल रहे हैं और इसका असर टीम पर पड़ रहा है। बांग्लादेश के खिलाफ दोहरा शतक लगाने के बाद से भारतीय कप्तान खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। वे पिछली 3 पारियों में मात्र 25 रन ही बना सके हैं।
पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि विराट यह सोच रहे है कि यदि बल्ले ने गेंद को छुआ तो कैच कर लिए जाएंगे जबकि बल्लेबाज को इस सोच के साथ मैदान पर नहीं उतरना चाहिए। उनकी नकारात्मकता का टीम पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। भारतीय कप्तान ने पहले मैच के बाद कहा था कि उनकी टीम को अब ज्यादा मेहनत करना होगा लेकिन खुद कप्तान इसमें सफल नहीं हो पा रहे हैं। (वार्ता)