Publish Date: Fri, 10 Aug 2018 (19:47 IST)
Updated Date: Sat, 11 Aug 2018 (01:25 IST)
मोर्तुवा (श्रीलंका)। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के नाबाद शतक की मदद से भारत अंडर-19 ने 5वें और अंतिम युवा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां श्रीलंका अंडर-19 को 8 विकेट से हराकर श्रृंखला 3-2 से जीती।
जायसवाल ने 128 गेंदों पर 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 114 रन बनाए। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 38, पवन शाह ने 36 ओर कप्तान आर्यन जुयाल ने नाबाद 22 रनों का योगदान दिया। भारत ने 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 42.4 ओवरों में 2 विकेट पर 214 रन बनाकर जीत दर्ज की।
इससे पहले श्रीलंका अंडर-19 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 212 रन बनाए थे। उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज निशान मदुष्का (95) और मध्यक्रम के बल्लेबाज नुवानिंदु फर्नांडो (56) ने अर्द्धशतक जमाए। भारत की तरफ से मोहित जांगड़ा ने 30 रन देकर 2 विकेट लिए। भारत ने इससे पहले 2 युवा टेस्ट मैचों की श्रृंखला में श्रीलंकाई टीम को पारी के अंतर से हराया था। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Fri, 10 Aug 2018 (19:47 IST)
Updated Date: Sat, 11 Aug 2018 (01:25 IST)