Publish Date: Thu, 30 Nov 2017 (18:49 IST)
Updated Date: Thu, 30 Nov 2017 (19:07 IST)
नई दिल्ली। स्टार क्रिकेटर युवराज सिंह को खेल में दिए योगदान के लिए ग्वालियर के आईएमटी विश्वविद्यालय ने आज दर्शनशास्त्र में डॉक्टरेट की मानद् उपाधि से नवाजा।
युवराज को यह सम्मान मैदान में असाधारण खेल कौशल दिखाने के अलावा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से निजात पाने के बाद दूसरों को हौसला देने के लिए दिया गया।
युवराज के अलावा यह सम्मान डॉ. ए.एस किरण कुमार (अंतरिक्ष विज्ञान), गोविंद निहलानी (फिल्म), डॉ. अशोक वाजपेयी (कवि), रजत शर्मा (मीडिया), डॉ. आर.ए माशेलकर (विज्ञान एवं तकनीक) और अरुणा राय (सामाजिक कार्य) को भी दिया गया।
युवराज ने कहा, ‘डॉक्टरेट की उपाधि पाकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इससे मुझे अतिरिक्त जिम्मेदारी का अहसास होता है और मैं अपने कार्यों से दूसरों के लिए उदाहरण बनना चाहता हूं।’
युवराज ने देश के लिए 400 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैचों में 10,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने भारत के टी20 विश्व कप 2007 और एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप 2011 जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। (भाषा)