Publish Date: Thu, 28 Apr 2016 (11:57 IST)
Updated Date: Thu, 28 Apr 2016 (12:10 IST)
चूजा बन जाने या आपकी ब्रेकफास्ट प्लेट पर सजने के अलावा भी अंडा कई चीजें कर सकता है। शायद आपको ये जानकर मजा आए कि ये पांच चीजें भी कर सकता है अंडा।
रिकॉर्ड तोड़ सकता है अंडा : हाल ही में जर्मनी के वोल्फेनबुटेल कस्बे में एक मुर्गी ने 209 ग्राम का एक अंडा दिया है। सामान्यों अंडों के मुकाबले ये अंडा 3 गुना भारी है। इस तरह अंडों के हिस्से और भी कई रिकॉर्ड हैं। पुर्तगाल में एक पार्टी में एक लाख 60 हजार अंडों की होली खेली गई। एक व्यक्ति ने अपने एक हाथ में 27 अंडों को रख कर दिखा दिया।
डरा सकता है अंडा : हालांकि अल्फ्रेड हिचकॉक अपने सिनेमा और उसकी समझ को लेकर मशहूर हैं लेकिन वे एक ऐसी चीज से डरते थे जिससे डरने का कोई मतलब नहीं। और वो चीज है अंडा। उन्हें ओवोफोबिया था। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी एक भी अंडा नहीं खाया।
खूब पैसा बना सकता है अंडा : फैबैर्ज अंडे दुनिया में सबसे महंगे अंडे हैं। एक बार रूसी आभूषण निर्माता पीटर कार्ल फैबैर्ज ने एक कार्यशाला के दौरान इन कुछ अंडों को बनाया था। अलग अलग आकार के इन अंडों में से कुछ की कीमत तो लाखों डॉलर तक है।
किस्मत बता सकता है अंडा : जादू के कारनामों में भी सदियों से अंडों का इस्तेमाल होता रहा है। प्राचीन रोम के जमाने से लेकर अब भी अंडों के जरिए भविष्य की अटकलें लगाई जाती हैं। कुछ लोग अंडे को पानी में मिलाकर अटकलें लगाते हैं और कुछ लोग इसके लिए अंडे के छिलके या जर्दी का इस्तेमाल करते हैं।
वायरल भी हो सकता है अंडा : यूट्यूब के अपने एक वीडियों में यूट्यूबर इमराह बताते हैं कि अंडे को महज कुछ सेकंड में कैसे छीला जाए। वे अंडे को पानी से भरे एक गिलास में रखते हैं और फिर उसे तेजी से हिलाते हैं और आसानी से उसका छिलका उतर जाता है।