Publish Date: Mon, 13 Nov 2017 (12:18 IST)
Updated Date: Mon, 13 Nov 2017 (12:22 IST)
आखिरी बार आपने सेब कब खाया था? फलों को लेकर अपने आप से यह सवाल कीजिए क्योंकि जो चीजें फलों में छुपी हैं वो तड़केदार खाने में नहीं मिलेंगी।
आंवला
आंवला बेहद गुणकारी फल है. इसमें नींबू से 17 गुना ज्यादा विटामिन सी होता है। आंवला पाचन तंत्र को दुरुस्त करता है, खून को साफ करता है और त्वचा एवं बालों का भी ख्याल रखता है। आंवला शरीर को ठंडा भी करता है।
आड़ू
आड़ू में ज्यादातर जरूरी पोषक तत्व होते हैं। आडू तंत्रिकाओं और मांसपेशियों को फायदा पहुंचाता है। आड़ू के छिलके में एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर भरे होते हैं।
अनानास
अनानास, ब्रोमेलैन का खजाना है। ब्रोमेलैन एंटी इंफ्लेमैटरी एंजाइम है। यह सूजन और घाव के खिलाफ कारगर होता है। अनानास का नियमित सेवन हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कम करता है।
अंगूर
एंटीऑक्सीडेंट, पोटेशियम और आयरन, अंगूर इन सबसे भरा हुआ रसीला फल है। अंगूर मांसपेशियों में मरोड़ और एनीमिया के खिलाफ भी कारगर होता है।
कीवी
विटामिन सी और ई से भरपूर कीवी कैंसर से बचाव कर सकता है। आंखों के लिए भी यह बहुत अच्छा फल है। इसमें कम कैलोरी होती है और बहुत ज्यादा फाइबर मौजूद रहता है।
आम
फलों का रसीला राजा आम बीटा कैरोटीन से भरा होता है। बीटा कैरोटीन शरीर में दाखिल होने के बाद विटामिन ए में बदल जाता है और हड्डियों और प्रतिरोधी क्षमता को बेहतर बनाता है। आम से संतरे से ज्यादा विटामिन सी होता है।
सेब
एक आम सेब में करीब 80 कैलोरी होती है लेकिन इस फल में भरपूर क्वेरटेसिन होता है। क्वेरटेसिन एक ताकतवर एंटीऑक्सीडेंट है जो मस्तिष्क की कोशिशकाओं को टूटने से रोकता है। नियमित एक सेब खाने वाले वयस्कों को हाई बीपी होने की संभावना कम होती है,
अनार
अनार में पोटेशियम भरपूर होता है। 50 मिलीलीटर अनार का जूस रोज पीने से दिल फिट रह सकता है। लेकिन कुछ दवाओं के साथ यह रिएक्शन कर सकता है। दवा लेते वक्त डॉक्टर से जरूर इसकी जानकारी ले लें।
केला
फाइबर और पोटेशियम से लबालब केला तुरंत ऊर्जा देता है। केले में कोई फैट या लवण नहीं होता। केला मांसपेशियों में जरूरी तरलता बनाये रखता है।
ब्लूबेरी
ब्लूबेरी शरीर पर बढ़ती उम्र के असर को कम करती है। यह फल उम्र के साथ मांसपेशियों में होने वाले विघटन को धीमा करता है। दिमाग के लिए भी यह बहुत अच्छा फल है।
webdunia
Publish Date: Mon, 13 Nov 2017 (12:18 IST)
Updated Date: Mon, 13 Nov 2017 (12:22 IST)