Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

नदी किनारे बसे भारत के प्रमुख शहर

हमें फॉलो करें नदी किनारे बसे भारत के प्रमुख शहर
, शनिवार, 31 अगस्त 2019 (11:54 IST)
यूरोप के लगभग सभी बड़े शहर नदियों के किनारे स्थित हैं लेकिन भारत में ऐसा नहीं है। एक नजर नदियों किनारे बसे भारत के प्रमुख शहरों पर।
 
हरिद्वार 
हरिद्वार उत्तराखंड में गंगा नदी के किनारे बसा एक प्रमुख धार्मिक शहर है। शहर के 'हर की पौड़ी' में सालों भर देश विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक आते रहते हैं। नदी किनारे खूबसूरत घाट बने हुए हैं। जब शाम को इन घाटों पर गंगा आरती होती है तो अलौकिक नजारा दिखता है।
 
इलाहाबाद
इलाहाबाद उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख धार्मिक शहर है जो तीन नदियों गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम पर बसा हुआ है। यहां प्रत्येक छह वर्ष पर कुंभ और 12 वर्ष  पर महाकुंभ का आयोजन होता है। 
 
बनारस 
गंगा तट पर बसे बनारस को माया और मुक्ति का शहर भी कहा जाता है। कुछ काशी विश्वनाथ मंदिर में आशीर्वाद लेने आते हैं तो कुछ मोक्ष की चाह में यहां मरने आते हैं। सुबह में सूर्य की किरणें जब नदी में पड़ती है तो गंगा और उसके किनारे बने घाटों का नजारा देखने लायक होता है।
 
पटना 
बिहार की राजधानी पटना गंगा किनारे बसी हुई है। गंगा किनारे बने घाट शहर की खूबसूरती को चार चांद लगाते हैं। शाम में जब गंगा आरती होती है तो नजारा देखने लायक होता है। छठ पर्व के अवसर गंगा नदी में लोग दूर-दूर से अर्घ्य देने आते हैं।
 
आगरा 
आगरा नदी यमुना किनारे बसी हुई है। इसी नदी किनारे ताजमहल स्थित है, जो मुगल वास्तुकला का एक बेहतरीन उदाहरण है। पूरी दुनिया से पर्यटक इसे देखने आते हैं। 
 
दिल्ली
दिल्ली यमुना नदी के किनारे स्थित है। फिलहाल यह नदी काफी प्रदूषित हो चुकी है। मानसून का मौसम गुजरने के बाद यहां का पानी काला दिखता है। 
 
अयोध्या 
उत्तर प्रदेश का अयोध्या शहर सरयू नदी के किनारे बसा हुआ है। हिंदू धर्म के लोग मानते हैं कि श्रीराम का जन्म अयोध्या में हुआ। रामनवमी के अवसर पर काफी दूर-दूर से लोग यहां आते हैं और सरयू नदी की परिक्रमा करते हैं। 2018 में नदी किनारे तीन लाख दीप जलाए गए जो कि विश्व रिकार्ड बना। 
 
कोलकाता 
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता हुगली नदी के किनारे स्थित है। इस नदी पर प्रसिद्ध हावड़ा ब्रिज बना हुआ है। यह पुल पूरी तरह से लोहे का बना हुआ है और बीच में कोई पिलर नहीं है। भारत में ब्रिटिश शासन के दौरान बड़े जहाजों को पार करने के लिए इसे बीच से उठा दिया जाता था।
 
लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ गोमती नदी के किनारे स्थित है। एक समय में यह नदी काफी प्रदूषित थी लेकिन अब इसके किनारे घाट बना दिए हैं। नदी को साफ किया गया है। आधी रात को भी नवाबों के शहर में नदी किनारे शहर की खूबसूरती देखते बनती है। 
 
कोटा 
राजस्थान का कोटा शहर चंबल नदी के किनारे स्थित है। नदी किनारे हरे-भरे पेड़, कोलाहल करते पंक्षी को देख काफी शांति का अनुभव होता है। शहर से 25 किमी दूर कोटा-डाबी मार्ग पर गराड़ियां महादेव प्राचीन धार्मिक स्थल है। 
 
अहमदाबाद 
अहमदाबाद गुजरात का प्रमुख शहर है जो साबरमती नदी के किनारे स्थित है। नदी किनारे कई तीर्थ स्थल हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने इसी नदी के तट पर साबरमती आश्रम की स्थापना की थी। 
 
गुवाहाटी 
असम का प्रमुख शहर गुवाहाटी ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे स्थित है। गुवाहाटी को "नॉर्थ ईस्ट इंडिया की सेवन सिस्टर्स" का प्रवेश द्वार भी कहते हैं। यहां कई सारे मंदिर स्थित हैं और हर मंदिर की अपनी एक कहानी है। 
 
अमरावती 
अमरावती आंध्रप्रदेश की नई राजधानी है। यह शहर कृष्णा नदी के किनारे स्थित है। अमरावती शहर में 2019 में कृष्णा नदी का पानी प्रवेश कर गया था। इस वजह से राज्य के मुख्य मंत्री जगन मोहन रेड्डी ने चार कार्यकारी राजधानी बनाने का प्रस्ताव रखा है। 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ये है दुनिया का सबसे तेज चाकू