Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

लोकसभा चुनाव 2019 : इंदौर में बीजेपी के गढ़ को ढहाने के लिए कांग्रेस लेगी सलमान खान का सहारा

हमें फॉलो करें लोकसभा चुनाव 2019 : इंदौर में बीजेपी के गढ़ को ढहाने के लिए कांग्रेस लेगी सलमान खान का सहारा
, मंगलवार, 19 मार्च 2019 (20:24 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को प्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर में अपने प्रत्याशी के लिए लोकसभा चुनाव प्रचार में उतारने की कोशिश कर रही है, ताकि भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर 30 साल बाद जीत दर्ज किया जा सके।
 
सलमान का जन्म इंदौर के पलासिया इलाके में 1965 में हुआ था और मुंबई में शिफ्ट होने से पहले उन्होंने इंदौर शहर में अपने बचपन का काफी समय गुजारा है।
 
मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने बताया कि हमारे नेता सलमान खान से इंदौर में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने की पहले ही बातचीत कर चुके हैं। हालांकि सलमान के प्रवक्ता ने इस मामले में प्रतिक्रिया करने से मना कर दिया।
 
चतुर्वेदी ने कहा कि सलमान खान ने इंदौर में अपना बचपन बिताया है। उनके दादाजी वहां पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी थे। उन्होंने कहा कि सलमान अपनी सभाओं में भारी भीड़ जुटाने वाले व्यक्ति हैं।
 
कांग्रेस के चुनाव प्रचार में उनका योगदान शहर में पार्टी की तकदीर बदलने में सहायक होगा। कांग्रेस ने वर्ष 1984 में हुए लोकसभा चुनाव में इंदौर सीट जीती थी। तब इंदिरा गांधी की हत्या के बाद देश में कांग्रेस की लहर थी, जिसके चलते इंदौर से पार्टी के दिग्गज नेता प्रकाशचन्द्र सेठी जीते थे।
 
इस सीट पर पिछले 30 साल से भाजपा का कब्जा है। इस सीट को भाजपा ने 1989 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से छीनी थी और तब से लेकर अब तक इस सीट पर 8 बार चुनाव हुए हैं और आठों बार भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कांग्रेस के प्रत्याशियों को धूल चटाया है। यह सीट भाजपा का गढ़ कहलाती है।
 
इससे पहले सलमान इंदौर नगर निगम के लिए कांग्रेस के महापौर के उम्मीदवार पंकज संघवी के लिए भी 2009 में चुनाव प्रचार कर चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी संघवी जीत नहीं पाए थे। उस वक्त भाजपा नेता कृष्णमुरारी मोघे ने उन्हें हराया था। मध्यप्रदेश में लोकसभा की 29 सीटों के लिए मतदान चार चरणों में 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई एवं 19 मई को होंगे। इंदौर में 19 मई को चौथे चरण में मतदान होना है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

लोकसभा चुनाव 2019 : बैंक से 10 लाख रुपए निकालने जा रहे हैं तो आयकर विभाग को जरूर करें इन्फार्म, वरना