Publish Date: Thu, 04 Apr 2024 (14:44 IST)
Updated Date: Thu, 04 Apr 2024 (14:55 IST)
Bihar news in hindi : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर उसके शासन के दौरान देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का आरोप लगाया। मोदी ने साथ ही बेदाग रिकार्ड के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना की।
मोदी ने गुरुवार को जमुई में एक चुनावी रैली को संबोधत किया। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान का नाम नहीं लिया लेकिन कहा कि भाजपा नीत राजग सरकार के कार्यकाल में, भारत ने पलट कर वार करना शुरू किया है। वह मगध साम्राज्य के प्राचीन गौरव को पुनर्जीवित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हो या आरजेडी... इन्होंने हर मौके पर बिहार और बिहारी गौरव का अपमान किया है। यही कांग्रेस और आरजेडी थी, जिसने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया था। अभी कुछ ही समय पहले हमारी सरकार ने बिहार के गौरव कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया, तब भी इन लोगों ने उसका विरोध किया।
प्रधानमंत्री ने दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने वाली आम आदमी पार्टी पर भी परोक्ष रूप से कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले ये लोग अब मोदी को अपशब्द बोलने के लिए एक साथ आ गए हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ।
मोदी ने दावा किया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब गेहूं के लिए संघर्ष कर रहे छोटे देशों के आतंकवादी जब चाहते थे तब हमला कर देते थे।
प्रधानमंत्री ने राजद-कांग्रेस गठबंधन पर अयोध्या में राम मंदिर का अपमान करने और देश के राष्ट्रपति के रूप में एक आदिवासी महिला (द्रौपदी मुर्मू) के चुनाव का विरोध करने का भी आरोप लगाया।
रैली में उमड़ी भारी भीड़ देखकर प्रसन्न दिखाई दे रहे मोदी ने कहा कि ऐसा लगता है कि बिहार के लोगों ने राज्य की सभी 40 सीट पर राजग को जीत दिलाने और 400 से अधिक सीट का लक्ष्य हासिल करने में मदद करने का फैसला किया है। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें