Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Sandeshkhali Case : बैरकपुर में प्रधानमंत्री मोदी का दावा, बोले- प्रताड़ित महिलाओं को धमका रहे TMC के गुंडे

हमें फॉलो करें Narendra Modi

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बैरकपुर/हुगली (पश्चिम बंगाल) , रविवार, 12 मई 2024 (16:49 IST)
Prime Minister Modi's claim regarding Sandeshkhali case : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस पर ‘वोट बैंक’ की राजनीति का आरोप लगाया और दावा किया कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के ‘गुंडे’ दोषियों को बचाने के लिए संदेशखाली की प्रताड़ित महिलाओं को धमकी दे रहे हैं।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर जोरों पर : संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ यौन शोषण के आरोप सामने आने के बाद पिछले कुछ समय से भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जोरों पर है। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को देशभर में अपने ‘शहजादे’ की उम्र से भी कम सीट मिलेगी।
मोदी ने उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासन में राज्य में हिंदू दोयम दर्जे के नागरिक बन गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, जब तक मोदी है, कोई भी सीएए (नागरिकता संशोधन कानून) को रद्द नहीं कर सकता।
 
टीएमसी दोषियों को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही : उन्होंने कहा, हम सभी ने देखा है कि तृणमूल कांग्रेस ने संदेशखाली की बहनों और माताओं के साथ क्या किया। टीएमसी के गुंडे अब संदेशखाली में महिलाओं को धमकी दे रहे हैं क्योंकि मुख्य अपराधी का नाम शाहजहां शेख है। टीएमसी संदेशखाली के दोषियों को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
 
कई महिलाओं से सादे कागजों पर हस्ताक्षर करवाए : उनकी टिप्पणी सोशल मीडिया पर सामने आए कई कथित वीडियो की पृष्ठभूमि में आई, जिनमें दावा किया गया है कि भाजपा के एक स्थानीय नेता ने संदेशखाली की कई महिलाओं से सादे कागजों पर हस्ताक्षर करवाए जिन्हें बाद में टीएमसी नेताओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों के रूप में पेश किया गया।
हालांकि प्रधानमंत्री ने सीधे तौर पर उन वीडियो का जिक्र नहीं किया। हालांकि वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकते, जिनसे पिछले कुछ दिनों से राज्य में राजनीतिक विवाद उबाल पर है। यह दावा करते हुए कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में बंगाल भ्रष्टाचार का केंद्र और ‘बम बनाने का कुटीर उद्योग’ बन गया है, मोदी ने कहा कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी ने वोट बैंक की राजनीति के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
 
हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बना दिया : उन्होंने कहा, तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल में वोट बैंक की राजनीति के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है, जहां आप श्रीराम का नाम नहीं ले सकते और न ही रामनवमी मना सकते हैं। तृणमूल कांग्रेस के शासन में हिंदुओं को बंगाल में दोयम दर्जे का नागरिक बना दिया गया है।
बाद में हुगली में एक अन्य रैली में मोदी ने दावा किया, इस बार कांग्रेस को अपने शहजादे (राहुल गांधी) की उम्र से भी कम सीटें मिलेंगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 53 साल के हैं। पिछले हफ्ते, प्रधानमंत्री ने एक रैली में कहा था कि आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ‘हॉफ सेंचुरी’ भी नहीं लगा पाएगी और उसकी सीटों की संख्या अब तक के सबसे न्यूनतम स्तर पर रहेगी।
 
इंडिया गठबंधन पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप : मोदी ने कहा, टीएमसी भी सरकार नहीं बना सकती। विपक्ष में भी वह कुछ नहीं कर सकती। कांग्रेस और वाम दल भी सरकार नहीं बना पा रहे हैं। केवल भाजपा नीत राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) ही आपको स्थिर और मजबूत सरकार दे सकता है। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ करने का आरोप लगाते हुए मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस और उसके अन्य घटक हार को भांपते हुए अलग-अलग बयान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, राम मंदिर बना तो इनकी नींद उड़ गई है। इन लोगों ने राम मंदिर का भी बहिष्कार किया हुआ है। अरे, 500 साल तक जिस राम मंदिर के लिए हम सभी के पूर्वजों ने संघर्ष किया, उनकी आत्मा आपके ये कारनामे देख रही है। टीएमसी, कांग्रेस वालों, कम से कम पूर्वजों के त्याग, तपस्या और बलिदान, उसका तो अपमान मत करो। भगवान राम का बहिष्कार, ये बंगाल की संस्कृति नहीं है।

70 महिलाओं को विरोध-प्रदर्शन के लिए दो-दो हजार देने का दावा : पश्चिम बंगाल की बहुचर्चित संदेशखाली घटना के संबंध में एक और कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें एक स्थानीय भाजपा नेता यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि महिलाओं को तृणमूल कांग्रेस के नेता शाहजहां शेख और उसके सहयोगियों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने के लिए दो-दो हजार रुपए दिए गए हैं।
 
शाहजहां शेख पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने और ग्रामीणों की भूमि हड़पने का आरोप है। संदेशखाली का कथित वीडियो 45 मिनट से ज्यादा का है, जिसमें संदेशखाली मंडल अध्यक्ष गंगाधर कयाल जैसे दिखने वाले एक व्यक्ति ने प्रश्नकर्ता को यह बात कही। पिछले सप्ताह की उस वीडियो में भी कयाल ही थे, जिन्होंने कहा था कि बलात्कार के आरोप मनगढ़ंत हैं। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

नोटा पर क्या बोले पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत?