Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

ग्वालियर में गरजे पीएम मोदी, बोले- विपक्ष जाति के आधार पर समाज को बांट रहा

हमें फॉलो करें ग्वालियर में गरजे पीएम मोदी, बोले- विपक्ष जाति के आधार पर समाज को बांट रहा
ग्वालियर , मंगलवार, 3 अक्टूबर 2023 (18:24 IST)
Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने सोमवार को नाम लिए बगैर कांग्रेस (Congress) पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि विपक्षी दल ने गरीबों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है और 6 दशकों तक देश को जाति के आधार पर विभाजित किया है और यह पाप वह अब भी कर रही है।
 
मोदी का बयान बिहार में नीतीश कुमार सरकार द्वारा 2024 के लोकसभा चुनावों से कुछ महीने पहले जाति सर्वेक्षण के निष्कर्ष जारी करने के कुछ घंटों बाद आया। इस सर्वेक्षण से पता चला है कि राज्य की कुल आबादी में ओबीसी और ईबीसी 63 प्रतिशत हैं। कांग्रेस बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन का एक घटक है और उसने केंद्र में सत्ता में आने पर देश में जाति-आधारित गणना का वादा किया है।
 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2 दिन पहले मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर उनकी पार्टी केंद्र में सत्ता में आती है तो वह देश में समाज के सभी वर्गों, विशेषकर अन्य पिछड़ा वर्गों (ओबीसी) को लाभ पहुंचाने के लिए जाति-आधारित गणना कराएगी।
 
मोदी ने सवाल किया कि विकास विरोधी लोगों को देश ने 6 दशक दिए थे, 60 साल कोई कम समय नहीं होता। अगर 9 साल में इतना काम हो सकता है तो 60 साल में कितना काम हो सकता था? प्रधानमंत्री ने इसे कांग्रेस की नाकामी बताते हुए कहा कि वो तब भी गरीबों की भावनाओं से खेलते थे आज भी वही खेल खेल रहे हैं। वो तब भी जात-पात के नाम पर समाज को बांटते थे, आज भी वही पाप कर रहे हैं।
 
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वो पहले भी सिर्फ और सिर्फ एक परिवार का गौरव गान करते थे, आज भी वही करने में अपना भविष्य देखते हैं। इसलिए उन्हें देश का गौरव गान पसंद नहीं आता है। प्रधानमंत्री चुनावी राज्य मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 19,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन करने के बाद एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। पिछले 7 माह में मोदी का मध्यप्रदेश का यह 8वां दौरा था।
 
मोदी ने आरोप लगाया कि भाजपा विरोधी दलों को यह पसंद नहीं है कि आजकल वैश्विक मंचों पर देश की प्रशंसा की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत का गौरव गान कर रही है। आज दुनिया को भारत में अपना भविष्य दिखता है। लेकिन जो राजनीति में उलझे हैं और जिन्हें कुर्सी के सिवाय कुछ नजर नहीं आता है, उन्हें आज दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बजना भी अच्छा नहीं लगता है।
 
भारत 9 साल में 5वें नंबर की आर्थिक ताकत बना: उन्होंने कहा कि भारत 9 साल में 10वें से 5वें नंबर की आर्थिक ताकत बन गया है, लेकिन विकासविरोधी लोग येसिद्ध करने में जुटे हैं कि ऐसा हुआ ही नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी ने गारंटी दी है कि अगले कार्यकाल में दुनिया की शीर्ष 3 अर्थव्यवस्थाओं में एक नाम हमारे हिंदुस्तान का होगा और इससे भी सत्ता के भूखे लोगों के पेट में दर्द हो रहा है।
 
मोदी ने कहा कि लोगों को 'डबल इंजन' की सरकार पर भरोसा है, क्योंकि इसने मध्यप्रदेश का 'डबल-विकास' सुनिश्चित किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश को 'बीमारू' श्रेणी से बाहर निकाला है और विकास के मामले में इसे देश के शीर्ष 10 राज्यों में शामिल कराया है।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष-शासित राज्यों में अपराध और भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर है और कहा कि बुनियादी ढांचे और विभिन्न क्षेत्रों में विकास भाजपा-शासन की प्रमुख विशेषताएं हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का विकास वे लोग नहीं कर सकते जिनके पास न तो कोई सोच है न विकास का रोडमैप। इनका एक ही काम है, देश की प्रगति से नफरत, भारत की योजनाओं से नफरत। अपनी नफरत में ये देश की उपलब्धियों को भूल जाते हैं।
 
मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि मध्यप्रदेश देश के शीर्ष 3 राज्यों में शामिल हो। आपका एक वोट मध्यप्रदेश को देश में तीसरे नंबर पर ले जाएगा। उन्होंने हाल ही में संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने की सराहना करते हुए कहा कि यह कानून न केवल महिलाओं को सशक्त बनाएगा बल्कि सरकार को माताओं और बहनों से किए गए अपने वादों को पूरा करने की भी अनुमति देगा।
 
उन्होंने कहा कि विधेयक का उद्देश्य वोट मांगना नहीं है बल्कि यह महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रीय कल्याण सुनिश्चित करने का मिशन है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष शासित राज्यों में अपराध और भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर है जबकि बुनियादी ढांचे का विकास और विभिन्न क्षेत्रों में विकास भाजपा शासन की प्रमुख विशेषताएं हैं।
 
विपक्षी राज्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार : उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में इन विकास विरोधी लोगों द्वारा शासित राज्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, बेरोकटोक अपराध और गरीबों और पिछड़े वर्गों के लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन कोई विकास नहीं हो रहा है। मोदी ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एकत्र हुए लोगों से जिन्हें उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के रूप में संबोधित किया, यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार मध्यप्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में भी विकास कार्यों को जारी रखने के लिए बनी रहे।
 
उन्होंने कहा कि पहले मध्यप्रदेश में वाहन चालकों को टूटी-फूटी और गड्ढों वाली टू-लेन सड़कों का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज भाजपा शासन में वे 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर यात्रा कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि पहले गरीबों को घर के नाम पर सिर्फ चार दीवारें मिलती थीं, लेकिन उनकी सरकार में चीजें बदल गई हैं।
 
मोदी ने कहा कि अब उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके घरों में शौचालय, नल से जल, बिजली और अन्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस साल दशहरा, धनतेरस और दिवाली से पहले लगभग 2.25 लाख परिवार अपने नए घर में प्रवेश करेंगे। मोदी ने कहा कि इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए घरों का पंजीकरण परिवार की महिला सदस्य के नाम पर किया जा रहा है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए किया जा रहा है जिससे उन्हें वित्तीय सुरक्षा भी मिलती है। अपने शासन के दौरान कांग्रेस ने इस आवास योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया और कई लाभार्थियों ने आवंटित घरों में प्रवेश करने से इंकार कर दिया उनके लिए, क्योंकि वे बहुत निम्न गुणवत्ता के थे। उन्होंने कहा कि देश में 4 करोड़ गरीबों के पास अब पक्के घर हैं।
 
मोदी ने कहा कि हमारी सरकार गरीबों के बैंक खाते में सीधे पैसे भेज रही है ताकि वे अपनी पसंद का घर बना सकें। आज ऐसी योजनाओं में कोई भ्रष्टाचार या पैसे की चोरी नहीं है, जो पहले एक आम बात हुआ करती थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ग्वालियर की धरती प्रेरणादायक है और इसने भाजपा के दिग्गज नेताओं दिवंगत राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे और अटल बिहारी वाजपेयी जैसी शख्सियतें दी हैं।
 
उन्होंने कहा कि  हम इतने भाग्यशाली नहीं थे कि आजादी की लड़ाई में हिस्सा ले सकें लेकिन अब भारत को एक विकसित राष्ट्र और विश्व शक्ति बनाने की जिम्मेदारी हमारे कंधों पर है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव मेंं कांग्रेस ने गर्माया OBC का मुद्दा, उमा के बयान ने बढ़ाई भाजपा की मुश्किलें!