Publish Date: Tue, 31 Oct 2023 (01:14 IST)
Updated Date: Tue, 31 Oct 2023 (01:18 IST)
Robert Vadra's claim regarding Madhya Pradesh : उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा ने रविवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ भाजपा को कर्नाटक की तरह मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भी मतदाताओं की ओर से झटका मिलने वाला है और देश के केंद्र में स्थित इस राज्य में कांग्रेस भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी।
उन्होंने कहा, कर्नाटक में भी भाजपा ने सरकार तोड़ी थी। वहां भी हमने (कांग्रेस ने) विधानसभा चुनाव जीता और उन्हें (भाजपा) मतदाताओं ने झटका दिया। मध्य प्रदेश में भी यही होगा क्योंकि इस राज्य में उन्होंने (भाजपा) सरकार तोड़ी है।
वाड्रा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति और पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद हैं। उन्होंने भाजपा पर सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करते हुए सरकार चलाने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा की इस प्रवृत्ति से लोग काफी परेशान हैं और वे सत्ता में बदलाव चाहते हैं।
वाड्रा ने बताया कि वह उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए मध्य प्रदेश की धार्मिक यात्रा पर आए हैं। राज्य की 230 विधानसभा सीट के लिए 17 नवंबर को चुनाव होने हैं।
मौजूदा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की सरपरस्ती में कांग्रेस के 22 बागी विधायकों के विधानसभा से त्याग पत्र देकर भाजपा में शामिल होने के कारण तत्कालीन कमलनाथ सरकार 20 मार्च 2020 को गिर गई थी। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा 23 मार्च 2020 को सूबे की सत्ता में लौट आई थी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour