Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

उमा भारती ने नहीं छोड़ी राजनीति, कहा- चुनाव लड़ूंगीं

हमें फॉलो करें uma bharti
सागर , बुधवार, 13 सितम्बर 2023 (15:07 IST)
Uma Bharti News : भाजपा की फायर ब्रांड नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि लोग भले ही कुछ भी कहें, लेकिन उन्होंने राजनीति नहीं छोड़ी है और वह अगला चुनाव लड़ेंगी।
 
केंद्रीय मंत्री रह चुकी उमा भारती ने सागर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ने से इसलिए इनकार कर दिया था, क्योंकि मैं लंबे समय से काम कर रही थी। मैंने 5 साल का ब्रेक लेने की सोची। लोगों को लगा कि मैंने राजनीति छोड़ दी है, लेकिन मैं यह कहते-कहते थक गई हूं कि मैंने राजनीति नहीं छोड़ी है।
 
उन्होंने कहा कि मैं चाहे 75 साल की हो जाऊं या 85 साल की, राजनीति की दुनिया में सक्रिय रहूंगी और अगला चुनाव लड़ूंगी। मुझे राजनीति बहुत पसंद है।
 
webdunia
केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना और ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन समेत कई बड़ी विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि वह राजनीति में थीं, इसलिए ये परियोजनाएं हकीकत बन सकीं। उन लोगों ने राजनीति को बर्बाद कर दिया है, जो इसे विलासिता का साधन मानते हैं।
 
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मेरा जीवन धन्य हो गया, क्योंकि मैंने राजनीति को ही भगवत प्राप्ति का माध्यम समझा। मैं राजनीति कभी नहीं छोडूंगी। जब तक लोगों की जरूरतें बनी रहेंगी, उन्हें पूरा करने के लिए राजनीति करती रहूंगी।
 
मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जबकि लोकसभा चुनाव अगले साल प्रस्तावित हैं। उमा ने आखिरी बार 2014 में झांसी से लोकसभा चुनाव लड़ा था। जीत के बाद वह नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में मंत्री पद पर काबिज हुई थीं।
Edited by : Nrapendra Gupta 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

MP में कांग्रेस के उम्मीदवारों पर दिल्ली में अंंतिम दौर की चर्चा, इन 90 उम्मीदवारों के टिकट लगभग फाइनल