Publish Date: Wed, 28 Feb 2018 (15:09 IST)
Updated Date: Wed, 28 Feb 2018 (16:20 IST)
इंदौर। गीत रामायण की प्रस्तुति देने वाले इंदौर के गायक अभय माणके पर रविवार रात को पुणे में अज्ञात लोगों ने हमला कर उनका पूरा सामान लूट लिया। माणके को गंभीर चोटें आई हैं।
माणके के परिजनों के मुताबिक वे रविवार को मुंबई से पुणे किसी परिचित कलाकार से मिलने पहुंचे थे। इसी बीच, निगड़ी इलाके में रात साढ़े आठ के बजे करीब सड़क पर चलते समय उन्हें पीछे से किसी ने धक्का दिया और फिर हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से बुरी तरह मारा। साथ ही उनसे सोने की चैन, ब्रेसलेट, अंगूठी और नकदी लूट ली। हमलावरों की संख्या 4 के लगभग बताई जा रही है।
इस मारपीट में माणके के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें सड़क पर पड़ा देखकर पुणे के ही एक व्यक्ति ने उन्हें स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया। वहां उनके कई ऑपरेशन हुए हैं।
घटना की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन हमले से सदमे में आए माणके अभी ज्यादा कुछ जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। बताया जा रहा है कि लुटेरे महाराष्ट्र से बाहर के हैं क्योंकि पुणे में हाल ही में इस तरह की कई वारदातें हो चुकी हैं।