Publish Date: Wed, 20 Jan 2021 (08:25 IST)
Updated Date: Wed, 20 Jan 2021 (08:30 IST)
बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में स्थित जांगड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाले घटनाक्रम में 13 साल की बच्ची से बलात्कार के बाद उसे नाले में जिंदा दफना दिया गया। पीड़ित किशोरी के परिजन उसे तलाश करते हुए जब नाले के पास पहुंचे तो वह पत्थरों के नीचे दफन मिली।
पीड़ित किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार शाम को खेत में मोटर बंद करने गई हुई थी। वहां उसके खेत से लगे हुए खेत के मालिक सुनील वर्मा (38) ने उसको अकेला पाकर उसके साथ बलात्कार किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपित ने किशोरी को नाले में जिंदा दफना कर पत्थरों से ढंक दिया। इतना ही नहीं उस पर कांटे की झाड़ियां भी डाल दी।
पीड़ित किशोरी जब देर रात तक घर नहीं पहुंची तो उसके परिजन उसे ढूंढते हुए अपने खेत पर पहुंचे। पीड़िता की बहन को पत्थरों के नीचे से कराहने की आवाज आई। उसने अपने पापा को आवाज दी। दोनों ने मिलकर जब वहां रखे कांटे ओर बड़े-बड़े पत्थरों को हटाया तो नीचे नाबालिग किशोरी मिली। जिसे बाहर निकाला गया और घोड़ाडोंगरी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया।
पीड़िता की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।