Publish Date: Sun, 11 Mar 2018 (13:30 IST)
Updated Date: Sun, 11 Mar 2018 (13:37 IST)
देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले के उमरिया गांव में बोरवेल में गिरे 5 वर्षीय बालक को सुरक्षित निकालने के प्रयास रविवार को दिन में जारी रहे। बचाव अभियान में सेना के विशेषज्ञों की मदद भी ली जा रही है।
लगभग 30 फीट की गहराई पर फंसे बच्चे को ऑक्सीजन पहुंचाने के साथ ही नली के माध्यम से दूध आदि भी मुहैया कराया गया।
कन्नौद तहसील के तहत आने वाले इस गांव के एक खेत में शनिवार सुबह 11.30 बजे एक किसान भीमसिंह कोरकू का 5 साल का बेटा रोशन खेलते-खेलते बोरवेल में गिर गया। बच्चा इस 100 फीट गहरे बोर में करीब 30 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है। उसे शनिवार से ही सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।
सूत्रों के अनुसार बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए बोरवेल के बाजू में समानांतर गड्ढा खोदा गया है, वहीं बच्चे की देखरेख के लिए कैमरे की मदद से उसकी स्थिति पर निगरानी भी रखी जा रही है। बच्चे को बचाने के अभियान में जिला पुलिस और प्रशासन के अलावा भोपाल से राहत एवं बचाव कार्य में दक्ष सेना के जवानों को बुलाया गया है। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Sun, 11 Mar 2018 (13:30 IST)
Updated Date: Sun, 11 Mar 2018 (13:37 IST)