Publish Date: Wed, 03 Jan 2018 (09:29 IST)
Updated Date: Wed, 03 Jan 2018 (09:32 IST)
अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में चंदेरी के एक नगरपालिका पार्षद का महिला डांसरों के साथ डांस करते और उन पर नोट बरसाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो बीती 25 दिसम्बर को हुए एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जिसमें भाजपा के पार्षद एवं जिला योजना समिति सदस्य राघवेन्द्र सिंह सेंगर भी शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में डांस के लिए बाहर से डांसरों को बुलाया गया था। डांस शुरू होने पर पार्षद भी उनके साथ नाचने लगे। पार्षद के अलावा समारोह में शामिल अन्य लोग भी डांस कर रहे थे। सेंगर करीब महीने भर पहले ही कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए हैं।
वायरल वीडियो को लेकर पार्षद का कहना है कि वे अपने परिजन के साथ एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए थे, उसमें उन्होंने डांस भी किया। जिस कार्यक्रम और डांस को अश्लील बताया जा रहा है, उसमें ऐसा कुछ भी नहीं है। अगर आप उस वीडियो को देखेंगे, तो उसमें आपको बच्चे भी नाचते दिखाई देंगे।
सेंगर ने उनके वीडियो को वायरल करने का आरोप कांग्रेस पर लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने से चंदेरी के कुछ कांग्रेसी उनसे नाराज हैं और उनकी छवि को खराब करने के लिए ही एक साधारण वीडियो को अश्लील बताकर वायरल कर रहे हैं। (वार्ता)
चित्र सौजन्य : सोशल मीडिया