Publish Date: Sat, 20 Nov 2021 (14:35 IST)
Updated Date: Sat, 20 Nov 2021 (14:41 IST)
भोपाल। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने शनिवार को भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा को जवाब देते हुए कहा कि मैं कांग्रेसी हूं जिसमें ताकत तो मेरे घुटने तोड़ दे। मैं गांधीवादी हूं। हिंसा का जवाब अहिंसा से दूंगा।
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा, मैं कांग्रेसी हूँ जिसमें ताक़त हो तो मेरे घुटने तोड़ दे। मैं गांधीवादी हूं। हिंसा का जवाब अहिंसा से दूंगा। 24 नवंबर को मैं महात्मा गांधी की मूर्ति से रामेश्वर शर्मा के घर जाउंगा। उनके घर जा कर प्रभु से उन्हें सदबुद्धि देने के लिए एक घंटे तक रामधुन करूंगा।
इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने एक वीडियो ट्वीट कर कहा था कि पूर्व विधानसभा प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा किस प्रकार लोगों को भड़का रहे है , ये कैसी इनकी भाषा….? पहले सिंधी समाज के बारे में , फिर राजपूत समाज के बारे में , और अब कांग्रेस के बारे में… कितना अहंकार , सत्ता का कितना नशा…? इनका जल्द इलाज करवाने की आवश्यकता है…
उल्लेखनीय है कि भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें वे कांग्रेसियों को धमकी देते हुए दिखाई दे रहे हैं।