Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

लाखों श्रद्धालुओं ने किए महाकाल के तीन स्वरूप में दर्शन

Advertiesment
हमें फॉलो करें लाखों श्रद्धालुओं ने किए महाकाल के तीन स्वरूप में दर्शन
उज्जैन , मंगलवार, 9 अगस्त 2016 (00:19 IST)
उज्जैन। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में आज श्रावण मास के तीसरे सोमवार को भूतभावन बाबा महाकाल तीन स्वरूप में प्रजा के हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकले। भगवान महाकालेश्वर की सवारी के दौरान ओम नम: शिवाय के जयकारों ने सम्पूर्ण वातावरण शिवमय हो गया। लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान के मुखौटों का दर्शन लाभ लिया। 
 
महाकाल का चांदी दरवाजे के समीप पूजन-अर्चन किया गया। पूजा-अर्चना संस्कृति, खेल व युवा कल्याण मंत्री यशोधराराजे सिंधिया और प्रभारी कलेक्टर अविनाश लवानिया ने सपत्निक की। श्रावण मास के आज तीसरे सोमवार को बाबा महाकालेश्वर चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर के रूप में, हाथी पर मनमहेश के स्वरूप में और गरूड़ पर शिव तांडव स्वरूप में बैलगाड़ी में विराजित होकर ठाठ-बाट के साथ निकले। 
 
सवारी जैसे ही महाकाल मन्दिर से मुख्य द्वार पर पहुंची, वहां पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने भगवान महाकाल को सलामी दी। इसके बार सवारी लाव-लश्कर के साथ परम्परागत मार्ग से होते हुए रामघाट शिप्रा तट पर पहुंची, जहां पर क्षिप्रा नदी के जल से भगवान महाकाल का अभिषेक किया गया। पूजन के बाद आरती के दौरान सैकड़ों व्यक्तियों ने झांझ और खड़ताल बजाकर वातावरण को शिवमय बना दिया। भगवान महाकाल की सवारी यहां से पुन: निर्धारित मार्ग के लिए रवाना हुई।
 
संस्कृति एवं खेल युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधराराजे सिंधिया और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह ने भगवान महाकाल के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। भगवान महाकाल सवारी में आगे-आगे तोपची तोप छोड़ते हुए नगर की जनता को सूचना देते हुए चल रहा था। उनके पीछे घुड़सवार, पुलिसबल, सेवा दल आदि चल रहे थे। इनके पीछे विभिन्न स्वयंसेवी, भजन मण्डलियां भक्तिरस में डूबे हुए बाबा महाकाल के जयकारे लगा रहे थे। यह सवारी पुन: महाकाल मन्दिर पहुंची। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

दीपा करमाकर के गृह राज्य त्रिपुरा में मना जश्न