Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

दीपा करमाकर के गृह राज्य त्रिपुरा में मना जश्न

Advertiesment
हमें फॉलो करें Other Sport News
अगरतला , मंगलवार, 9 अगस्त 2016 (00:02 IST)
अगरतला। रियो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं एकमात्र महिला जिमनास्ट त्रिपुरा की दीपा करमाकर ने व्यक्तिगत वोल्ट फाइनल में जगह बनाने के साथ इतिहास रच दिया है और उनकी इस अभूतपूर्व सफलता का जश्न उनके गृह राज्य में मनाया गया। 
दीपा के गृह राज्य में जगह जगह प्रशंसक अपनी इस एथलीट की सफलता के लिए प्रार्थनाएं कर रहे थे और जैसे ही दीपा ने फाइनल में जगह बनाई, हर जगह खुशी की लहर दौड़ गई। दीपा अब 14 अगस्त को फाइनल में पदक की दावेदारी पेश करेंगी।
 
दीपा की इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न उनके गृह राज्य में हर तरफ मनाया गया। दीपा के माता-पिता को प्रशंसकों ने ढेरों बधाई संदेश भेजे। त्रिपुरा के खेलमंत्री शाहिद चौधरी ने भी दीपा और उनके कोच बिशेश्वर नंदी को उनकी इस कामयाबी के लिए बधाई संदेश भेजा और पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं दीं।
            
दीपा के पिता दुलाल करमाकर अपनी बेटी की सफलता पर फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीपा ने न केवल हम सभी को गौरव प्रदान किया है बल्कि देश के लिए एक इतिहास भी रच दिया है। उन्होंने कड़ी मेहनत की थी और उन्हें इसका अच्छा परिणाम मिला।
 
दुलाल ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि भारत और भारत से बाहर रहने वाले सभी भारतीय यह दुआ करेंगे कि दीपा भारत के स्वतंत्रता दिवस से पहले 14 अगस्त को कम से कम एक पदक जरूर जीते। मंगलवार को दीपा 23 साल की हो जाएंगी। (वार्ता) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

लगा जैसे पूरा देश अभिनव बिंद्रा को देख रहा था...