Publish Date: Sat, 17 Apr 2021 (09:37 IST)
Updated Date: Sat, 17 Apr 2021 (09:49 IST)
दमोह (एमपी)। मध्यप्रदेश की दमोह विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव के तहत शनिवार को सुबह मतदान शुरू हो गया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार दमोह विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रात: 7 बजे शुरू हुआ और यह शाम 7 बजे तक चलेगा। चुनाव अधिकारियों के अनुसार निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देश का मतदान के दौरान पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि इस सीट पर कुल 2.39 लाख मतदाता हैं जिनमें 1.24 लाख पुरुष, 1.15 लाख महिलाएं एवं 8 'थर्ड जेंडर' मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 359 केंद्र बनाए गए हैं। इस सीट पर 2 महिलाओं सहित कुल 22 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जिनमें से मुख्य मुकाबला भाजपा के राहुल सिंह लोधी एवं कांग्रेस के अजय टंडन के बीच माना जा रहा है।
लोधी वर्ष 2018 में हुए चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे, लेकिन पिछले साल अक्टूबर में उन्होंने विधायक पद इस्तीफा दे दिया था और बाद में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इससे यह सीट खाली हो गई थी। मतगणना 2 मई को दमोह जिला मुख्यालय पर होगी। (भाषा)