Publish Date: Mon, 02 Jan 2023 (18:12 IST)
Updated Date: Mon, 02 Jan 2023 (21:21 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में चुनावी साल का आगाज होते ही भाजपा और कांग्रेस के बीच पोस्टर पॉलिटिक्स तेज हो गई है। नए साल के पहले दिन ही विपक्षी दल कांग्रेस ने “नए साल में, नई सरकार” का चुनावी कैंपेन लॉन्च कर दिया। कांग्रेस के इस चुनावी कैंपेन को भाजपा ने मुंगेरी लाल के हसीन सपने बताते हुए कांग्रेस और कमलनाथ पर तंज कसा है।
कांग्रेस का चुनावी कैंपेन लॉन्च-मध्यप्रदेश में चुनावी साल के पहले दिन कांग्रेस की ओर से प्रदेश में नया साल,नई सरकार के होर्डिंग में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री बता दिया गया। इसके साथ कांग्रेस की ओर से लगाए गए होर्डिंग में छंटेगा अब अंधेरा आ रही है कमलनाथ सरकार का नारा दिया गया है। प्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ ग्वालियर, जबलपुर और होशंगाबाद में प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ताओं और अन्य नेताओं की ओर से लगाए गए होर्डिंग में लोगों को नए साल की बधाई दी गई है। राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस दफ्तर सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे पोस्टर में कमलनाथ के फोटो के साथ लगाए पोस्टर में प्रदेश में नए साल में कांग्रेस सरकार बनने का दावा किया गया है।
भाजपा का पलटवार-चुनावी साल में कांग्रेस के इस पोस्टर पॉलिटिक्स को लेकर अब भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नेता गौरव तिवारी की ओऱ से लगाए पोस्टर पर कमलनाथ को नए साल की बधाई देते हुए लिखा कि 2023 में फिर होगा कांग्रेस का बुरा हाल।
वहीं कमलनाथ के भावी मुख्यमंत्री के पोस्टर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने तंज कसते हुए इस मुंगेरीलाल के हसीन सपने बताया। उन्होंने कहा कि सपने कोई भी देख सकता है और सपने देखने में बुराई भी नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री कौन बनेगा सरकार किसकी बनेगी ये तो प्रदेश की जनता तय करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने कमलनाथ सरकार के अपदस्थ होने के बाद 28 सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के साथ कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को आइना दिखा दिया था और जनता ने बता दिया था कि मध्यप्रदेश की जनता क्या चाहती है। जब-जब प्रदेश में चुनाव होते हैं, तब- तब जनता उन्हें आईना दिखा देती है, लेकिन मुंगेरीलाल के हसीन सपने अगर नए वर्ष पर भी वो देख रहे हैं तो इसमें कोई गलत नहीं है, सपने तो कोई भी देख सकता है।
वहीं चुनावी साल में कांग्रेस के पोस्टर पॉलिटिक्स पर प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का लोकतंत्र है कि पोस्टर पॉलिटिक्स के जरिए स्वयंभू कमलनाथ अपने आप को मुख्यमंत्री बता रहे है। प्रदेश में बनी बनाई सरकार नहीं चला पाने वाले कमलनाथ अब 2023 में सरकार बनाने का ख्याली पुलाव पका रहे है।