Publish Date: Sat, 20 Jul 2024 (14:25 IST)
Updated Date: Sat, 20 Jul 2024 (14:35 IST)
Gwalior News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में सोशल मीडिया (social media) पर दोस्त बने एक व्यक्ति ने 13 वर्षीय लड़की से चलती कार में कथित तौर पर बलात्कार किया जबकि एक अन्य व्यक्ति ने इस कृत्य का वीडियो बना लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में 3 में से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी के मुताबिक घटना 1 जून को मोहना पुलिस थाना क्षेत्र में हुई लेकिन गुरुवार इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) निरंजन शर्मा ने बताया कि कक्षा 9 की छात्रा ने इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति से दोस्ती की जिसने उसका परिचय दूसरे व्यक्ति से कराया। दोनों ने सोशल मीडिया पर उससे बात की। शर्मा के अनुसार 1 जून को दोनों व्यक्ति अपने एक अन्य साथी के साथ लड़की से उसके गांव में मिले और उसे अपने साथ कार में घुमाने के लिए ले गए।
शर्मा ने बताया कि शिकायत के मुताबिक आरोपियों में से एक ने लड़की के साथ बलात्कार किया और दूसरे ने इस कृत्य का वीडियो बनाया जबकि उनका तीसरा साथी कार चला रहा था। उन्होंने बताया कि बाद में आरोपियों ने लड़की को बार-बार मिलने के लिए बुलाया और वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी।
शर्मा के अनुसार जब लड़की ने आरोपियों की धमकियों के आगे झुकने से इंकार कर दिया तो उन्होंने उसका वीडियो प्रसारित कर दिया जिससे उसके परिवार को इस घटना के बारे में पता चला। उन्होंने बताया कि 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। शर्मा के मुताबिक अपराध में इस्तेमाल मोबाइल फोन और कार जब्त कर ली गई है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें