Publish Date: Sat, 03 Feb 2018 (10:04 IST)
Updated Date: Sat, 03 Feb 2018 (10:25 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए तीन विधायकों सर्वश्री नारायण सिंह कुशवाह, बालकृष्ण पाटीदार और जालम सिंह पटेल को राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया।
राजभवन के दरबार हाल में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने तीनों राज्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी और भाजपा नेता मौजूद थे।
इनके साथ ही राज्य में मंत्रियों की संख्या 29 से बढ़कर 32 हो गई है। इनमें मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। राज्य में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप अधिकतम तीन और मंत्री शामिल किए जा सकते हैं।
नारायण सिंह कुशवाह ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का, बालकृष्ण पाटीदार खरगौन का और जालम सिंह पटेल नरसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। तीनों को राज्य मंत्री के रूप में शामिल करने के साथ ही राज्य मंत्रियों की संख्या नौ से बढ़कर 12 हो गई है। इसके अलावा 19 कैबिनेट मंत्री हैं जिनमें मुख्यमंत्री शामिल नहीं हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह एक संक्षिप्त विस्तार है और हो सकता है कि भविष्य में एक और संक्षिप्त विस्तार हो। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर नए सदस्यों की क्षमताओं का उपयोग सरकार चलाने में और लोगों के कल्याण में किया जाएगा। मंत्रिमंडल का विस्तार पूरी तरह संतुलित हैं।
कोलारस और मुंगावली विधानसभा उपचुनाव के कारण आदर्श आचार संहिता लागू होने के चलते विपक्षी दल कांग्रेस की निर्वाचन आयोग में शिकायत संबंधी सवाल के जवाब में चौहान ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार करना मुख्यमंत्री का विशेष अधिकार रहता है। विपक्ष की तो हर बात में शिकायत करने की आदत बनी है। इसमें वह क्या कर सकते हैं।
इस बीच राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर यह मंत्रिमंडल विस्तार किया गया है। चौहान ने मौजूदा राजनीतिक हालातों के मद्देनजर शीर्ष संगठन को भी विश्वास में लेकर यह कदम उठाया है। इसके अलावा मंत्रिमंडल में तीन और पद रणनीतिक तौर रिक्त रखे गए हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव वाले ग्वालियर अंचल में कुशवाह समाज के लोग काफी संख्या में है। संभवत: इसलिए ही ग्वालियर से शकुशवाह को मंत्री बनाया गया है। पाटीदार को मंत्री पद से नवाजे जाने के कारण पश्चिमी मध्यप्रदेश में इस वर्ग को ध्यान में रखा गया है। वहीं नरसिंहपुर विधायक पटेल पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के अनुज हैं। (वार्ता)