Publish Date: Sun, 12 Jan 2020 (16:11 IST)
Updated Date: Sun, 12 Jan 2020 (16:16 IST)
इंदौर। संशोधित नागरिकता कानून (CAA) के समर्थन में रविवार को यहां हजारों लोग जुटे और इस कानून के प्रावधानों को देश हित में बताते हुए एकजुटता दिखाई।
'भारत माता की जय' और 'वी सपोर्ट सीएए' (हम सीएए का समर्थन करते हैं) के नारों की गूंज के बीच यह प्रदर्शन भारत सुरक्षा मंच नाम के एक संगठन के बैनर तले शहर के दशहरा मैदान में किया गया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने अपने हाथों में तिरंगा और सीएए के पक्ष में तख्तियां थाम रखी थीं। प्रदर्शन के दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इसके साथ ही, देशभक्ति के गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं।
सीएए के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में अलग-अलग धर्मों के संत-महंत, पूर्व सैनिक, वकील, डॉक्टर और अन्य तबकों के लोग शामिल हुए। इसमें बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं भी मौजूद थीं। पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।