Publish Date: Wed, 28 Sep 2022 (18:53 IST)
Updated Date: Wed, 28 Sep 2022 (18:58 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने की अटकलों के बीच मध्यप्रदेश की सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस अध्यक्ष के लिए दिग्विजय सिंह का नाम सामने आते ही मध्यप्रदेश भाजपा ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
दिग्विजय सिंह के नामांकन भरने की खबरों पर मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि कहा कि कांग्रेस एक परिवार तक सिमट कर रह गई है और अगर परिवार नहीं आएगा तो परिवार का दरबारी आएगा।
कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर मचे खींचतान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जब पार्टी का कोई संगठन नहीं होगा तो निश्चित तौर पर लोग ही नहीं मिलेंगे। कांग्रेस में एक ही परिवार सब कुछ बनता रहा है। अब देश के अंदर आवाज उठने लगी है कि कांग्रेसी अस्तित्व खो रही है और परिवार तक सिमट कर रह गई है ये अब परिवार को भी लगने लगा है, अब वह नहीं तो उस परिवार का दरबारी आएगा।
दिग्विजय सिंह की अध्यक्ष पद की रेस में आने पर वीडी शर्मा ने कहा कि जिसने देश की संस्कृति और स्वाभिमान के खिलाफ काम करने के साथ भारत के खिलाफ काम करने वाली शक्तियों के साथ खड़ा हुआ है कांग्रेस ऐसे ही लोगों को ढूढेंगी।