Publish Date: Thu, 26 Sep 2024 (09:22 IST)
Updated Date: Thu, 26 Sep 2024 (09:32 IST)
Mumbai rain : मुंबई में भारी बारिश के बाद गुरुवार को वाहन और रेल यातायात फिर से शुरू हो गया। सड़कों पर अब जल जमाव भी नहीं है। हालांकि देश की आर्थिक राजधानी को आज भी भारी बारिश का डर सता रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह के लिए मुंबई और उसके आसपास के जिलों ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के कारण मुंबई, ठाणे, पालघर, पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ में भी गुरुवार को स्कूल और कॉलेज बंद हैं।
ALSO READ: Weather Updates: मुंबई से कोलकाता तक कई शहरों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम?
बीएमसी और पुलिस ने मुंबई और आसपास के इलाकों के सभी लोगों को घर के अंदर रहने की ही सलाह दी है। बीएमसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया, 'मुंबईकर, अगर जरूरत नहीं हो तो घर से बाहर निकलने से बचें।'
भारी बारिश के कारण बुधवार को मुंबई के निचले इलाकों में पानी भर गया था, लोकल ट्रेन का आवागमन थम गया और मुंबई आने वाली कम से कम 14 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित करना पड़ा।
बुधवार की भारी बारिश के बाद कुछ सड़कें मानो तेज धार वाली नदियों में बदल गईं क्योंकि कई क्षेत्रों में शाम के पांच घंटे में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई। उपनगर अंधेरी में भारी बारिश के कारण 45 वर्षीय महिला नाले में डूब गई।
सेंट्रल लाइन पर कुर्ला और ठाणे स्टेशन के बीच लोकल ट्रेनों की आवाजाही थमने से हजारों यात्री सीएसएमटी और अन्य स्टेशनों पर फंस गए, जबकि विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक जाम लग गया। 14 उड़ानों का रास्ता बदला गया।
Edited by : Nrapendra Gupta