Pune rape case: परिवहन मंत्री ने दिए MSRTC बस अड्डों और डिपो के सुरक्षा ऑडिट के आदेश
पुणे में खड़ी राज्य परिवहन की बस के अंदर एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना के मद्देनजर, महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने गुरुवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के सभी बस
Publish Date: Thu, 27 Feb 2025 (18:49 IST)
Updated Date: Thu, 27 Feb 2025 (21:25 IST)
Pune rape case: पुणे में खड़ी राज्य परिवहन की बस के अंदर एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना के मद्देनजर, महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक (Pratap Sarnaik) ने गुरुवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) के सभी बस अड्डों और डिपो की सुरक्षा ऑडिट का आदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य भर में एमएसआरटीसी डिपो में खड़ी सभी बसों और अन्य वाहनों का इस वर्ष 15 अप्रैल से पहले निपटान कर दिया जाएगा।
ALSO READ: GIS: फरारी हायाबुसा बस का GIS में क्रेज, कीमत सुन हैरान रह जाएंगे आप, यकीन करना मुश्किल
26 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया : मंगलवार को पुणे के स्वारगेट बस अड्डे पर राज्य परिवहन की बस के अंदर 26 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। आरोपी 37 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर दत्तात्रेय रामदास गाडे को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस के अनुसार गाडे के खिलाफ पुणे और निकटवर्ती अहिल्यानगर जिले में चोरी, डकैती और चेन झपटमारी के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं और इनमें से एक अपराध में वह 2019 से जमानत पर बाहर था।
बस अड्डों और डिपो का सुरक्षा ऑडिट करने के निर्देश : स्वारगेट बलात्कार मामले के मद्देनजर एमएसआरटीसी बस डिपो और परिसरों में सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा करने के बाद यहां राज्य सचिवालय 'मंत्रालय' में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सरनाईक ने कहा कि उन्होंने एमएसआरटीसी बस अड्डों और डिपो का सुरक्षा ऑडिट करने के निर्देश दिए हैं। निगम के राज्यभर में लगभग 580 बस स्टैंड और 251 बस अड्डे हैं।
ALSO READ: अमित शाह बोले- महाराष्ट्र में महायुति को मिली शानदार जीत, जनता ने बता दिया कौन है असली शिवसेना
उन्होंने कहा कि सभी बस डिपो और बस अड्डों का ऑडिट कराया जाएगा और इसमें जो भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने सुरक्षा की निगरानी के लिए एमएसआरटीसी में एक आईपीएस अधिकारी की नियुक्ति की मांग की। सुरक्षा एवं सतर्कता अधिकारी का पद, जहां आईपीएस अधिकारियों की नियुक्ति होती है, खाली पड़ा है। हमने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से इस पद पर आईपीएस अधिकारी की नियुक्ति करने का अनुरोध किया है।
जीपीएस और पैनिक बटन के साथ सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य होंगे : सरनाईक ने कहा कि लगभग 15,000 एमएसआरटीसी बसों में जीपीएस और पैनिक बटन के साथ सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य किए जाएंगे जिनमें निजी ठेकेदारों से किराए पर ली गई बसें भी शामिल हैं। उनके अनुसार वर्तमान में एमएसआरटीसी में विभिन्न सुरक्षा बोर्डों के माध्यम से लगभग 2,700 सुरक्षा गार्ड नियुक्त हैं, और वे यह देखने के लिए समीक्षा कर रहे हैं कि क्या महिला सुरक्षा गार्डों की संख्या में 15-20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ इस संख्या को बढ़ाया जा सकता है।
शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के एक पूर्व विधायक के बैनर में आरोपी गाडे के दिखने के बारे में पूछे जाने पर सरनाईक ने कहा कि पुलिस इसकी जांच करेगी।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें