Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Manipur Election: मणिपुर में पहले चरण का मतदान शुरू, बीरेन समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

हमें फॉलो करें Manipur Election: मणिपुर में पहले चरण का मतदान शुरू, बीरेन समेत कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर
, सोमवार, 28 फ़रवरी 2022 (07:47 IST)
इम्फाल, मणिपुर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया। पहले चरण के लिए मतदान सुबह 7 से शाम 4 बजे तक होगा। मणिपुर में विधानसभा की कुल 60 सीटें हैं और पहले चरण में आज 38 सीटों पर मतदान हो रहा है।
 
पहले चरण में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह (हिंगांग निर्वाचन क्षेत्र), विधानसभा अध्यक्ष वाई खेमचंद (सिंगजामेई) और उप मुख्यमंत्री वाई. जॉयकुमार (उरीपोक) से किस्मत आजमा रहे हैं।

इसके अलावा इस चरण में कई और प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के भी भाग्य का फैसला होगा। राज्य के लगभग 80 प्रतिशत घाटी क्षेत्र और 20 प्रतिशत पहाड़ी क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है। श्री सिंह और श्री खेमचंद भाजपा उम्मीदवार के तौर पर और श्री जॉयकुमार नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के उम्मीदवार के तौर पर चुनावी समर में हैं।

पहले चरण में राज्य के 1721 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में 173 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जिनमें से 15 महिलाएं हैं। महत्वपूर्ण महिला प्रत्याशियों में कांगपोकपी से एन. बीरेन कैबिनेट में समाज कल्याण एवं सहकारिता मंत्री नेमचा किपगेन (भाजपा) और पटसोई से पूर्व मंत्री अकोइजम मीराबाई (कांग्रेस) शामिल हैं।

राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सभी 38 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने वाम दलों और जनता दल (सेक्युलर) के साथ गठबंधन कर 35 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं और शेष तीन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने सहयोगियों का समर्थन कर रही है।

जद (यूनाइटेड) 28 सीटों पर दौड़ में है, जबकि एनपीपी के दो उम्मीदवार हैं। पहले चरण में आज 6,29,276 महिला मतदाताओं सहित कुल 12,22,713 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

निर्वाचन अधिकारियों ने कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने सभी 38 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव को निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। वहीं 9,895 मतदान कर्मी निर्धारित 1,721 मतदान केंद्रों पर पहुंच गए हैं।

राज्य में दो महीने से अधिक समय तक चले प्रचार अभियान में भाजपा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह,रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव, एनपीपी के सुप्रीमो कोनराड के संगमा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश ने अपनी-अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा का चुनाव दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण में आज जहां राज्य में विधानसभा की 38 सीटों पर मतदान हो रहा है। वहीं शेष बची 22 सीटों पर 5 मार्च को मतदान होगा। नतीजे 10 मार्च को घोषित होंगे।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

UP Polls 2022 : पीएम मोदी का अखिलेश यादव पर हमला- काशी में मेरी मृत्यु की कामना की गई लेकिन...