Publish Date: Mon, 29 Feb 2016 (18:25 IST)
Updated Date: Mon, 29 Feb 2016 (18:32 IST)
रिलायंस इंडस्ट्रीज की खुदरा कारोबार इकाई रिलायंस रिटेल ने घरेलू बाजार में किफायती स्मार्टफोन लाइफ विंड6 एवं लाइफ फ्लेम1 पेश किया। कंपनी के मुताबिक सात हजार रुपए से कम की श्रेणी में ये दोनों काफी आकर्षक स्मार्टफोन हैं तथा 4जी का बेहतर अनुभव देने के लिए इसमें वोएलटीई, वोवाई फाई जैसी तकनीकें दी गई हैं। उसने कहा कि इन दोनों स्मार्टफोनों पर उपभोक्ता एचडी गुणवत्ता वाली वॉयस एवं वीडियो कॉल तथा मल्टी-पार्टी वॉइस एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
ये हैं फोन के खास फीचर्स : फोन में एक जीबी रैम, क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन चिपसेट, पांच मेगापिक्सल रियर कैमरा और पांच मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है। इसके अलावा दोनों फोनों में आठ जीबी इंटरनल मेमोरी दी गई है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 32 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
इनमें एंड्राइड 5.1 ऑपररेटिंग सिस्टम तथा डुअल सिम की सुविधा है। पांच इंच वाले विंड 6 में 2250 एमएएच की बैटरी है तथा यह सफेद, काले एवं सुनहरे रंग में उपलब्ध है। साढ़े चार इंच स्क्रीन वाले फ्लेम 1 में 2000 एमएएच की बैटरी है। यह सफेद, काले, गहरे नीले एवं गहरे लांल रंगों में उपलब्ध है।