Publish Date: Tue, 13 Nov 2018 (15:45 IST)
Updated Date: Tue, 13 Nov 2018 (15:47 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में संघ को लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर हो रही है। पहले कांग्रेस ने जहां अपने वचन-पत्र (घोषणा पत्र) में सरकारी परिसरों में संघ की शाखा लगाने और संघ की शाखाओं में सरकारी कर्मचारी के जाने पर प्रतिबंध की बात कही थी। अब कांग्रेस के सीनियर विधायक सुंदरलाल तिवारी ने संघ को आतंकवादी संगठन बता दिया है।
रीवा के गुढ़ से विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुंदरलाल तिवारी ने कहा कि संघ न केवल पूरी तरह राजनीतिक संगठन है बल्कि संघ समाज में धर्म के आधार पर समाज में घृणा, वैमनस्य फैलाता है। इसके साथ कांग्रेस विधायक ने संघ को आतंकवाद का प्रतीक बताया है।
इसके साथ ही तिवारी ने संघ को महात्मा गांधी की हत्या का जिम्मेदार बताया, वहीं कांग्रेस विधायक के इस बयान पर पार्टी नेताओं ने चुप्पी साध ली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सुंदरलाल तिवारी के बयान से किनारा करते हुए कहा कि अगर ऐसा होता तो हम प्रतिबंध की बात करते।