Publish Date: Sat, 06 Oct 2018 (22:30 IST)
Updated Date: Sat, 06 Oct 2018 (22:33 IST)
भोपाल। चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही मध्यप्रदेश सियासत की गठबंधन को लेकर सबसे बड़ी खबर भी आ गई। सूबे में भाजपा और कांग्रेस का मुकाबला करने के लिए समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी एकसाथ आ गए हैं। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ सपा और बसपा ने मिलकर सूबे में एक महागठबंधन बना लिया है। बस इस महागठबंधन का आधिकारिक ऐलान बाकी है।
बसपा, सपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ आने के साथ अब मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के सियासी समीकरण के नए सिरे से बनेंगे और बिगड़ेंगे। शनिवार सुबह सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साफ कर दिया था कि अब मध्यप्रदेश में कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा।
महागठबंधन की सीटों का फॉर्मूला : 'वेबदुनिया' को सूत्रों के हवाले से इस महागठबंधन की सीटों का फॉर्मूला भी पता चला है। महागठबंधन में मध्यप्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते बसपा 100-110 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, दूसरी पार्टी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी 70-80 सीटों पर और समाजवादी पार्टी 40-50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
मध्यप्रदेश में इस बार गठबंधन को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं, जो अब चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद काफी कुछ साफ हो चुकी हैं। बस, इंतजार इस महागठबंधन के आधिकारिक ऐलान का बाकी है।
About Writer
विशेष प्रतिनिधि
राजनीतिक, सामाजिक एवं समसामयिक मुद्दों पर देश के अलग-अलग हिस्सों से वेबदुनिया के विशेष प्रतिनिधियों की टीम प्रकाशन के लिए कंटेंट प्रेषित करती है। ....
और पढ़ें