Publish Date: Sat, 03 Nov 2018 (21:24 IST)Updated Date: Sat, 03 Nov 2018 (23:18 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को कांग्रेस की ओर से जारी 155 प्रत्याशियों की पहली सूची में जहां एक ओर महिलाओं और युवाओं को तरजीह दी गई है, वहीं भाजपा से हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए प्रमुख नामों को भी शामिल किया गया है।
पहली सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचोरी का नाम शामिल है। वे भोजपुर सीट से प्रदेश के मंत्री सुरेंद्र पटवा का सामना करेंगे। पार्टी ने तीन मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं। इनमें प्रमुख नाम शिवपुरी जिले के करैरा से शकुंतला खटीक शामिल हैं। सिरोंज सीट से गोवर्धन उपाध्याय और कोतमा विधायक मनोज अग्रवाल का भी टिकट काट दिया गया है।
पार्टी ने विजयराघवगढ से पदमा शुक्ला और तेंदूखेडा से संजय शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। ये दोनों कुछ समय पहले भाजपा से कांग्रेस में आए हैं। इसके अलावा रीवा से अभय मिश्रा को टिकट दिया गया है, जो पहले भाजपा में थे। मिश्रा सिमरिया से भाजपा के टिकट पर विधायक रह चुके हैं।
कांग्रेस ने जय आदिवासी युवा संगठन (जयस) के हीरालाल अलावा को धार जिले के मनावर से प्रत्याशी बनाया है। सूची में 21 महिलाओं का नाम शामिल है।