Publish Date: Wed, 03 Oct 2018 (09:14 IST)
Updated Date: Wed, 03 Oct 2018 (09:23 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में चुनावी सीजन में नेता टिकट की जुगाड़ में इन दिनों मौका देखकर पार्टी बदल रहे हैं। पिछले दिनों रीवा के महाराज पुष्पराज सिंह, शिवराज सरकार में राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त पद्मा शुक्ला ने भाजपा का साथ छोड़ते हुए कांग्रेस का हाथ जमा लिया था।
इसके बाद इस बात की चर्चा जोरों से चल रही है कि आने वाले दिनों में क्या भाजपा, कांग्रेस को पटखनी देने के लिए कांग्रेस के नेताओं को पार्टी में शामिल करेगी। अब इसका खुलासा खुद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने किया है।
राकेश सिंह का कहना है कि कांग्रेस के कई बड़े नेता और पदाधिकारी लगातार उनके संपर्क में हैं और चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस के कई बड़े नेता पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। राकेश सिंह के इस बयान के बाद एक बार फिर प्रदेश की सियासत गर्मा गई है।
राकेश सिंह ने भाजपा नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर पीसीसी चीफ कमलनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस वैशाखियों के सहारे सपने में कांग्रेस की सरकार बनाना चाह रहे हैं। इसके लिए वे कभी गठबंधन की सहारा लेने की कोशिश करते हैं तो कभी भाजपा नेताओं को पार्टी में शामिल कर सरकार बनाने की बात करते हैं।