Publish Date: Fri, 25 Dec 2020 (08:08 IST)
Updated Date: Fri, 25 Dec 2020 (08:23 IST)
नई दिल्ली। पीएम मोदी शुक्रवार, 25 दिसंबर को जारी करेंगे किसान सम्मान निधि किश्त, सरकार के बातचीत के प्रस्ताव पर किसान करेंगे फैसला, इसरो ने जारी किए चंद्रयान-2 के प्रारंभिक आंकड़े समेत इन खबरों पर आज रहेगी सबकी नजर...
उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार को कड़ाके की ठंड रही जबकि पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा।कश्मीर में ठंड की स्थिति में मामूली सुधार हुआ क्योंकि पूरी घाटी में न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़ गया है, हालांकि मौसम विभाग ने शनिवार से 2 दिनों तक हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।
सरकार ने बातचीत के लिए फिर लिखा पत्र, किसान बोले- एजेंडे में शामिल करें कृषि कानून रद्द करना। केंद्र के पत्र पर चर्चा करने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा के शुक्रवार को बैठक करने और इसका औपचारिक जवाब देने की संभावना है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने गुरुवार को कहा कि उसने चंद्रयान-2 मिशन के शुरुआती आंकड़े आम लोगों के लिए जारी किए हैं। चंद्रयान-2 आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से 22 जुलाई, 2019 को रवाना किया गया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) के तहत वित्तीय लाभ की अगली किस्त जारी किए जाने के अवसर को भाजपा ने उत्सव के रूप में मनाने का फैसला किया है। इसके लिए उसकी ओर से आयोजित कार्यक्रमों में एक करोड़ किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।