आप ने किया दावा, चनप्रीत सिंह ने BJP के लिए भी किया था काम
सौरभ भारद्वाज ने लगाया भाजपा पर आरोप
Publish Date: Tue, 16 Apr 2024 (16:33 IST)
Updated Date: Tue, 16 Apr 2024 (16:38 IST)
AAP alleges BJP regarding Chanpreet Singh : आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को दावा किया कि आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तार चनप्रीत सिंह ने कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और यहां तक कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए भी काम किया था। इस मामले में दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने यहां नई दिल्ली में भाजपा पर आरोप लगाया है।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चनप्रीत सिंह गिरफ्तार : 'आप' ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह उसकी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है। ईडी ने सोमवार को चनप्रीत सिंह को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया जिन्होंने गोवा विधानसभा चुनाव के लिए आप के कोष का कथित तौर पर प्रबंधन किया था।
सौरभ भारद्वाज ने लगाया भाजपा पर आरोप : आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सिंह को मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिया गया। आप और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने यहां मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में भाजपा पर आरोप लगाया कि वह उनकी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है।
भारद्वाज ने कहा कि ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए चनप्रीत सिंह को पिछले साल सीबीआई ने भी हिरासत में लिया था। उन्हें पिछले साल सीबीआई अदालत ने जमानत दी थी। अब ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि सिंह ने विभिन्न दलों के लिए काम किया है।
उन्होंने कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और यहां तक कि भाजपा के लिए भी काम किया है। यह मैं नहीं कह रहा, बल्कि सीबीआई के दस्तावेजों में इसका उल्लेख किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केजरीवाल और आप की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है। भाजपा और ईडी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें