Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

रिहाई के बाद बोले सोरेन, मुझे फंसाया गया, 5 माह तक जेल में रखा गया

हमें फॉलो करें रिहाई के बाद बोले सोरेन, मुझे फंसाया गया, 5 माह तक जेल में रखा गया

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, शुक्रवार, 28 जून 2024 (10:12 IST)
Hemant Soren released from jail: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें धन शोधन के एक मामले में फंसाया गया और उन्हें करीब 5 महीने जेल में बिताने के लिए मजबूर किया गया।
 
दबाई जा रही है आवाज : भाजपा पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए सत्तारूढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन ने कहा कि वह इस बात से चिंतित हैं कि देश में किस तरह से नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों की आवाज दबाई जा रही है। बिरसा मुंडा जेल से रिहा होने के बाद सोरेन ने कहा कि मुझे फंसाया गया। मेरे खिलाफ साजिश रची गई और मुझे 5 महीने जेल में बिताने के लिए मजबूर किया गया।
 
जंग को मैं ही खत्म करूंगा : झारखंड उच्च न्यायालय ने भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में हेमंत सोरेन को जमानत दी। सोरेन ने कहा कि मैं न्यायपालिका का सम्मान करता हूं। अदालत ने अपना आदेश सुनाया और मैं जमानत पर बाहर हूं। लेकिन न्यायिक प्रक्रिया लंबी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाया जा रहा है। सोरेन ने कहा कि जो जंग मैंने शुरू की थी, उसे मैं ही खत्म करूंगा। सोरेन को 31 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था।
 
सत्य की जीत हुई : दूसरी ओर, झारखंड के मुख्‍यमंत्री झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने धन शोधन के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमानत देने के उच्च न्यायालय के आदेश को ‘सत्य की जीत’ करार दिया। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।’ चंपई ने पूर्व मुख्यमंत्री के साथ एक तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें ‘सत्यमेव जयते’ लिखा हुआ है।
 
झामुमो के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री को जमानत देने के अदालत के आदेश की सराहना की। हेमंत सोरेन के छोटे भाई और राज्य के मंत्री बसंत सोरेन ने कहा कि हमें न्यायपालिका पर भरोसा था। न्याय की जीत हुई है। मैं उच्च न्यायालय को धन्यवाद देना चाहता हूं।
 
क्या कहा झामुमो नेताओं ने : झामुमो नेता और मंत्री हफीजुल हसन ने ‘एक्स’ पर लिखा कि सत्य कभी पराजित नहीं हो सकता। मैं उच्च न्यायालय के फैसले का दिल से स्वागत करता हूं। इस फैसले ने झूठ की रेत पर तानाशाही ताकतों द्वारा बनाए गए महल को भी ढहा दिया है। खुशी जाहिर करते हुए कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने फिल्म ‘खून भरी मांग’ के एक मशहूर गीत ‘हंसते-हंसते कट जाए रास्ते, जिंदगी यूं ही चलती रहे’ का एक अंश पोस्ट किया।
 
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘पूर्व मुख्यमंत्री, बड़े आदिवासी नेता हेमंत सोरेन को जमानत देने के उच्च न्यायालय के फैसले से मैं बहुत खुश हूं। विधानसभा चुनाव से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए वाकई एक बड़ा घटनाक्रम और खुशी का पल...।’
 
क्या कहा भाजपा ने : वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को सभी आरोपों से मुक्त नहीं किया गया, बल्कि उन्हें सिर्फ जमानत दी गई है। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन जिस तरह से जश्न मना रहा है, उससे लगता है कि वह सभी आरोपों से मुक्त कर दिए गए हैं। उन्हें बस जमानत दी गई है। (भाषा/वेबदुनिया) 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

बम-बम भोले के नारों के साथ अमरनाथ यात्रा शुरू, जम्मू से पहला जत्था रवाना