Publish Date: Thu, 05 Jul 2018 (09:44 IST)
Updated Date: Thu, 05 Jul 2018 (10:02 IST)
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रा को मार्गों पर हुए भूस्खलन के कारण गुरुवार को दूसरे दिन स्थगित कर दिया गया। अमरनाथ गुफा में बुधवार की शाम तक 60752 श्रद्धालुओं ने स्वनिर्मित शिवलिंग के दर्शन किए हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि बालटाल से पवित्र गुफा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा जारी है। भूस्खलन और मार्गों पर फिसलन के कारण कम दूरी वाले बालटाल और परंपरागत पहलगाम दोनों मार्गों पर यात्रा को बुधवार को स्थगित कर दिया गया।
बरारी तथा रेलपथेरी मार्ग के बीच भूस्खलन के कारण तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। मार्गों पर अत्यधिक फिसलन और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
मार्गों की मरम्मत और यात्रा को फिर से शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पवित्र गुफा में बाबा बफार्नी के दर्शन के बाद आधार शिविरों में लौटने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं को रोक दिया गया है। (वार्ता)