Publish Date: Thu, 27 Mar 2025 (23:41 IST)
Updated Date: Thu, 27 Mar 2025 (23:48 IST)
Amit Shah News : गृहमंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को अवैध घुसपैठ के मुद्दे को लेकर तृणमूल कांग्रेस को घेरते हुए लोकसभा में कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कमल खिलेगा और बांग्लादेश से घुसपैठियों के आने का सिलसिला बंद होगा। उन्होंने आप्रवास और विदेशियों विषयक विधेयक, 2025 पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा, हमारी बांग्लादेश से सटी हुई सीमा 2,216 किलोमीटर की है। उसमें से 1,653 किलोमीटर पर बाड़ लग चुकी है। बाड़ के पास की सड़क भी बन चुकी है और चौकियां भी बन चुकी हैं।
शाह का कहना था कि जो शेष 563 किलोमीटर सीमा है, वो आज भी खुली है। उन्होंने कहा, ये जो 563 किमी है उसमें से 112 किमी ऐसी है जहां नदी, नाले, पहाड़ियां आदि के चलते बाड़ नहीं लग सकती। वहीं 450 किमी ऐसी है जहां बाड़ लगना बाकी है। लेकिन वहां बाड़ नहीं लग पा रही क्योंकि पश्चिम बंगाल सरकार भूमि नहीं देती है। इसके लिए सात बैठकें हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा, दिल्ली के चुनाव के समय मैं मौन रहा कि देश की सुरक्षा से जुड़ा प्रश्न था, लेकिन आज मौका और दस्तूर भी है और संबंधित विषय पर विधेयक आया है तो मैं देश की जनता को सच्चाई से अवगत करा रहा हूं। शाह ने इस बात पर जोर दिया, पश्चिम बंगाल में 2026 में चुनाव है, कमल खिलेगा और यह सब बंद हो जाएगा।
शाह ने बुधवार को लोकसभा में त्रिभुवन सहकारी यूनिवर्सिटी विधेयक, 2025 पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए भी पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के जीतने का विश्वास जताया था। उन्होंने कहा था कि मोदी सरकार ने आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा गरीबों को दी है।
उन्होंने कहा, अब दिल्ली में भी कमल खिल गया है और यहां भी गरीबों को आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा। बस पश्चिम बंगाल रह गया है और अगले विधानसभा चुनाव के बाद वहां भी यह योजना लागू हो जाएगी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें