Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

20 सालों में BJP सरकार ने बीमारू मध्यप्रदेश को बनाया बेमिसाल : अमित शाह

हमें फॉलो करें Amit Shah
भोपाल , रविवार, 20 अगस्त 2023 (19:13 IST)
Madhya Pradesh News : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को भोपाल में 'गरीब कल्याण महाअभियान' का शुभारंभ किया एवं भारतीय जनता पार्टी सरकार का वर्ष 2003 से 2023 तक का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार द्वारा हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने जनता की जिंदगी बदलने का सपना और संकल्प पूरा किया है।
 
उन्होंने कहा 2003 से पहले मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, प्रदेश बीमारू राज्यों में गिना जाता था। हॉलिस्टिक एप्रोच के साथ एक बीमारू राज्य को देश के सबसे विकसित राज्यों में 20 साल में पहुंचाने का प्रयास भाजपा सरकार ने किया है। आज मध्यप्रदेश विकसित राज्यों की अग्रणी पंक्ति में खड़ा है। शाह ने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस में दम है तो अपने 50 सालों का रिपोर्ट कार्ड लेकर आए। 
 
कांग्रेस सरकार में मिला बीमारू राज्य का तमगा
अमित शाह ने कहा मध्यप्रदेश राज्य का गठन 1956 में हुआ। विंध्य प्रदेश, भोपाल स्टेट और मध्यभारत में फिर प्रदेश का गठन हुआ। 53 वर्षों तक कांग्रेस का शासन था। आज जो लोग दावा कर रहे हैं उन्हें सबसे पहले 53 साल के विकास कार्य की रिपोर्ट रखनी चाहिए। 1980 के दशक में आशीष बोस ने राजीव गांधी को एक पेपर प्रस्तुत किया था, जिसमें बीमारू शब्द का जिक्र किया था।

बीमारू राज्य का शब्द प्रयोग चार राज्यों के पहले अक्षरों से लिया गया था। जो कि मध्यप्रदेश, बिहार, राजस्थान और उत्तरप्रदेश से लिया गया था। सभी सर्वेक्षणों ने भी इन राज्यों को भारत की ग्रोथ में बाधा को वर्णित किया गया था। शाह ने कहा आज जो लोग भाजपा सरकार में हुए विकास पर सवाल उठाते हैं उन्हें अपने 53 साल का हिसाब भी देना चाहिए। 
 
भाजपा ने रखी आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की नींव
अमित शाह ने कहा, भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मध्यप्रदेश विकास की नई गाथा लिख रहा है। उन्होंने कहा 20 वर्षों में मध्य प्रदेश विकसित मध्य प्रदेश बना है। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की नींव डालने का काम 20 वर्षों में हुआ है।

चाहे स्वास्थ्य का क्षेत्र हो, औद्योगिक विकास का क्षेत्र हो, कृषि विकास हो, युवाओं के लिए पढाई-लिखाई के सभी आयाम मध्य प्रदेश करने में ही उपलब्ध करने का काम हो, इस तरह हर दृष्टि से मध्य प्रदेश को इस 20 साल में आत्मनिर्भर बनाने का काम हुआ है। मैं मध्यप्रदेश की 9 करोड़ जनता को भरोसा दिलाने आया हूं कि आने वाले अमृत काल का समय मध्यप्रदेश को देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में रखने और संपूर्ण आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम काम करेंगे।
 
भाजपा शासन में मिली भोपाल से लेकर चौपाल तक खुशहाली
शाह ने कांग्रेस शासन के दिग्विजय काल को कठघरे में लेते हुए कहा कि कभी बंटाढार माना जाने वाला मध्यप्रदेश आज विकास की बुलंदियां छू रहा है। 20 साल में बिजली, पानी, सड़क और शिक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाते हुए भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। चाहे बुंदेलखंड, बघेलखंड, निमाड़, मालवा, ग्वालियर चंबल, महाकौशल.. भोपाल से लेकर प्रदेश की हर चौपाल तक खुशहाली और विकास को पहुंचाने का काम भाजपा की सरकार ने किया है।  
 
मोदी जी ने दिल खोलकर मध्यप्रदेश को दिया है
अमित शाह ने कहा, जब 2014 में केंद्र में मोदी सरकार बनी तो प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश को दिल खोलकर दिया है और मध्यप्रदेश की जनता ने भी मोदी जी की हर पहल का जवाब झोलियां भर-भरकर वोट देकर दिया है। कांग्रेस ने 2004 से 2014 तक 10 साल में मध्यप्रदेश को सिर्फ 1 लाख 98 हजार करोड़ रुपए दिए।

मोदी सरकार ने सिर्फ 9 साल में 8 लाख 33 हजार करोड़ रुपए मध्यप्रदेश को देने का काम किया। 2014 में लोकसभा की 29 में से 27 सीटें,  2019 में 29 में 28 सीटें भाजपा को मिलीं। अब मैं विश्वास के साथ कह रहा हूं कि एक सीट की कमी है, 2024 में यह कमी भी मध्य प्रदेश की जनता पूरी कर देगी, मुझे पूरा विश्वास है। 
 
13 करोड़ लोग देश में और 1 करोड़ 36 लाख लोग प्रदेश में गरीबी रेखा से ऊपर आए
अमित शाह ने कहा की प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 10 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ चुके हैं और मोदी जी के नेतृत्व में 1 करोड़ 36 लाख लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए है। आजादी के बाद ऐसा समय कभी नहीं आया कि एक दस साल के समय में आबादी के 10% लोग गरीबी रेखा के ऊपर आए हों और इसीलिए मोदी जी को गरीब कल्याण का पुरोधा मानते हैं। उन्होंने कहा, मैं भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए मध्य प्रदेश की साढ़े 9 करोड़ जनता का आभार प्रकट करता हूं।
 
श्रीमान बंटाढार और कमलनाथ जी जवाब दें
उन्होंने कहा, मध्यप्रदेश सरकार ने शिवराज जी के नेतृत्व में ढेर सारे परिवर्तन किए हैं। उन्होंने कहा श्रीमान बंटाढार और कमलनाथ जी इन चीजों का स्पेसिफिक जवाब दें कि 2002 में आपने बजट का कुल आकार 23 हजार 100 करोड़ पर छोड़ा था, हमने इसे 3 लाख 14 हजार करोड़ पर पहुंचाया है। इसका जवाब देना चाहिए। प्रदेश की शिक्षा का बजट 2456 करोड़ से 38 हजार करोड़ पर पहुंचाया है। भाजपा सरकारों ने इसे पहचाना। स्वास्थ्य का बजट 580 करोड़ था, आज 16 हजार करोड़ है।

सर्व शिक्षा अभियान का बजट 844 करोड़ से 7 हजार करोड़ क्रॉस किया। एससी, एसटी और ओबीसी का बजट बंटाढार जब छोड़कर गए, तब 1 हजार 56 करोड़ खर्च करते हैं। 64 हजार 390 करोड़ तक इसे पहुंचाया है। यहां 11,700 से 1 लाख 40 हजार तक प्रति व्यक्ति आय पहुंचाना, ये सारे पैमाने को रिकॉर्ड तोड़ने वाला विकास है।

एमएसएमई जो रोजगार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, उद्योगों में उस समय रजिस्ट्रेशन सालाना 4 हजार 297 हुआ करता था, आज 3 लाख 61 हजार 545 रजिस्ट्रेशन लोगों का सालाना होता है। पहले जो सड़क थी, गड्ढे में सड़क थी, कि सड़क में गड्ढे में थे। इसकी जगह अब पांच लाख 10 हजार किमी सड़कें यहां बनाई गई हैं। आठ गुना से ज्यादा सड़कें बनी हैं। विकास दर साढ़े छह गुना बढ़ी है। 
 
कमलनाथ जी जवाब दीजिए और अपने 50 सालों का रिपोर्ट कार्ड लेकर आएं
उन्होंने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि ये एमएसपी की बात करते हैं कमलनाथ जी मैं बताना चाहता हूं। जब बंटाढार जी छोड़कर गए थे तब गेहूं की एमएसपी 4 लाख 38 हजार टन थी आज 70 लाख 96 हजार मैट्रिक टन पर पहुंच गई है। आईआईटी की संख्या आज 1014 है। पर्यटकों की संख्या 64 लाख थी अब 9 करोड़ को पार कर गई है। 
 
हमने जवाबदेही की परंपरा खड़ी की है
उन्होंने कहा, हमने राजनीति के अंदर जवाबदेही की परंपरा खड़ी की है। जहां-जहां हमारी सरकार है, वहां हम हिसाब लेकर जाते हैं। फसल बीमा में 25 हजार करोड़ रुपए का फायदा हुआ है, जल जीवन मिशन, 8.2 करोड़ घर और 60 लाख नल कनेक्शन दिए। आयुष्मान भारत योजना में 3.6 करोड़ लाभार्थी हैं, जिसमें से 30 लाख लाभार्थियों ने अपना ऑपरेशन करवा चुके हैं। 80 लाख शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लगभग 44 लाख गरीब परिवारों को मिला पक्का घर, प्रदेश के 5.30 करोड़ लोगों को नियमित रूप से मिल रहा निःशुल्क खाद्यान्न।
 
15 माह की सरकार में कांग्रेस ने क्या किया?
शाह ने कहा, मध्यप्रदेश की उपलब्धियों को देखें तो प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है। सड़कें बनी हैं। सिंचाई क्षमता करोड़ों गरीब किसानों के लिए लाभ है। 46 लाख बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ मिला है। उज्जैन में महाकाल महालोक बना है। भोपाल इंदौर में मेट्रो रेल शुरू हो रही है। मेडिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिन्दी में शुरू की है। पेसा कानून बनाया है। हमने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारक बनाए हैं। 
 
कांग्रेस को जब-जब शासन मिला, घोटाले के अलावा कुछ नहीं किया
शाह ने कहा, कमलनाथ जी और श्रीमान बंटाढार जी जवाब दीजिए, जब-जब आपको शासन मिला आपने घोटाले के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, आपने बोफोर्स घोटाला, 2G स्पेक्ट्रम घोटाला, सत्यम घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम घोटाला, कोयला घोटाला, चॉपर घोटाला, टेट्रा ट्रक घोटाला किया, वोट के बदले नोट घोटाला, आदर्श हाउसिंग घोटाला, नेशनल हेराल्ड घोटाला, डीएलएफ घोटाला, खाद्य सुरक्षा बिल घोटाला, गाजियाबाद प्रोविडेंट फंड घोटाला, हर्षद मेहता का शेयर बाजार का घोटाला किया, आईपीएल का घोटाला किया, एलआईसी हाउसिंग का घोटाला किया, पावर प्लांट सबमरीन घोटाला और बॉक्स विजन इक्विटी का घोटाला किया।
 
शाह ने कहा कि कमलनाथ जी की सरकार को सोशल मीडिया वाले करप्शननाथ की सरकार कहने लगे, ऐसे इन्होंने ऐसा काम किया था, उन्होंने कहा कि इस्तीफे के 15 महीने पहले कभी कोई मुख्यमंत्री साइन नहीं करता, 63 हजार करोड़ के मोबाइल घोटाले पर साइन हुआ। 350 करोड़ का मोजर बेयर घोटाला हुआ, 24 करोड़ का अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले से जुड़े हुए हैं।

600 करोड़ की इफको घोटाले से जुड़े हुए हैं। 25 हजार करोड़ के कर्ज माफी में भी घपले हुए हैं। 1178 किलो बोनस में भी वादे को भी नहीं निभाया गया। बैगा, भारिया और सहरिया समुदाय की महिलाओं को आहार अनुदान योजना जो शुरू की गई थी। उसको भी इन्होंने बंद कर दिया और 800 से भी ज्यादा अधिकारियों को ट्रांसफर करके फिर से मध्यप्रदेश में ट्रांसफर इंडस्ट्री बड़े पैमाने पर लगाने का काम कमलनाथ सरकार ने किया था।
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

उत्तराखंड में बड़ा हादसा, गंगोत्री हाईवे से खाई में गिरी बस, 33 लोग थे सवार, 7 की मौत