Publish Date: Fri, 15 Dec 2023 (17:12 IST)
Updated Date: Fri, 15 Dec 2023 (17:17 IST)
Anurag Thakur's statement on Parliament security lapse case : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे संसद की सुरक्षा में चूक मामले का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही ठाकुर ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे का इस्तेमाल सदन की कार्यवाही बाधित करने के लिए कर रहा है।
केंद्रीय युवा मामले और खेल त्री ने नजफगढ़ के एक स्कूल में ग्रामीण खेल स्पर्धाओं के लिए पुरस्कार वितरण समारोह से इतर यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा, तीन राज्यों में चुनाव हारने के बाद विपक्ष सदन की कार्यवाही बाधित करने का बहाना ढूंढ रहा है। वे बाधाएं पैदा कर रहे हैं, यहां तक कि लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों से बात की, उनके सुझाव लिए और (सुरक्षा में) सुधार का आश्वासन भी दिया। यह स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है, वे राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं।
इससे पहले, संसद की सुरक्षा में चूक पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही शुक्रवार को भी बाधित हुई। दोनों सदनों की बैठक अब 18 दिसंबर को होगी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ठाकुर ने कहा कि विपक्ष सदन की कार्यवाही बाधित कर जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा से बचने की कोशिश कर रहा है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour