Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

राहुल गांधी पर जेटली का पलटवार, पूछा- कांग्रेस अध्यक्ष कितना जानते हैं

हमें फॉलो करें राहुल गांधी पर जेटली का पलटवार, पूछा- कांग्रेस अध्यक्ष कितना जानते हैं
नई दिल्ली , गुरुवार, 7 जून 2018 (07:51 IST)
नई दिल्ली। वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मध्यप्रदेश में दिए भाषण को लेकर उनकी तीखी आलोचना की और उनकी समझ पर सवाल उठाया। जेटली ने कहा कि आखिर वह (राहुल गांधी) कितना जानते हैं? वह चीजों को कब समझेंगे? 
 
राहुल के भाषण के जवाब में जेटली ने अपने फेसबुक पोस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष के उन आरोपों को भी खारिज कर दिया कि मोदी सरकार ने देश के 15 शीर्ष उद्योगपतियों का 2.5 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह तथ्यात्मक रूप से पूरी तरह गलत है।
 
उन्होंने कहा कि सरकार ने किसी भी उद्योगपति का एक भी रुपया माफ नहीं किया है। उन्होंने कहा, 'तथ्य इसके विपरीत हैं।'
 
जेटली ने अपने पोस्ट में कहा, 'संसद के भीतर और बाहर-दोनों जगह हर बार जब मैं राहुल गांधी के विचारों को सुनता हूं तो मैं खुद से पूछता हूं कि आखिर वह कितना जानते हैं? वह कब समझेंगे?' 
 
जेटली ने लिखा है, 'मध्य प्रदेश में उनके भाषण को सुनने के बाद इस सवाल के जवाब को लेकर मेरी जिज्ञासा और बढ़ गई। क्या उन्हें अपर्याप्त जानकारी दी जा रही है या वह अपने तथ्यों को लेकर कुछ ज्यादा ही उदार हैं।'
 
गुर्दा प्रतिरोपण के बाद स्वास्थ्य लाभ कर रहे जेटली ने कहा, 'जिन लोगों के ऊपर बैंकों तथा अन्य वित्तीय संस्थानों का बकाया है, उन्हें दिवाला घोषित किया गया और उन्हें आईबीसी (ऋण शोधन एवं दिवाला संहिता) के जरिये उनकी कंपनी से बेदखल किया गया है। इस कानून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने लागू किया। इनमें ज्यादतर कर्ज संप्रग शासन के दौरान दिए गए।'
 
रोजगार का सृजन नहीं होने के राहुल के आरोपों पर जेटली ने जीडीपी के ताजा आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। 
 
अलग से जेटली ने एक ट्वीट करके किसानों के कल्याण और अर्थव्यवस्था की बेहतरी तथा भारत के हर नागरिकों के लाभ के लिये प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में बताया। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी उल्टा बोलने से पहले तथ्यों को जांचें क्योंकि यह उनकी पार्टी की गलतियों को और बढ़ाएगा।'
 
उधर, सुरजेवाला ने कहा, 'अरूण जेटली कितना जानते हैं। क्या सत्ता का अहंकार उस ऊंचाई तक पहुंच गया है जहां भाजपा किसानों की समस्या को लेकर अंधी हो गई है। कैसे खोखले शब्दों वाले ब्लॉग मोदी सरकार द्वारा किसानों के साथ किए गए विश्वासघात का जवाब हैं।'
 
सुरजेवाला ने जेटली को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के शब्दों की याद दिलाई। नेहरू ने कहा था, 'तथ्य तथ्य हैं और आपकी पसंद से एकाउन्ट से गायब नहीं हो जाएंगे।' 
 
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि ये आरोप कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से विदेश से ‘छुट्टियों’ से लौटने के बाद अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास हैं। राहुल का भाषण विदेश यात्रा से लौटने के बाद उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था। वह अपनी मां सोनिया गांधी की नियमित मेडिकल जांच कराने के लिए विदेश गए थे। 
 
मध्य प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री ने भी कांग्रेस अध्यक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह बॉलीवुड की हिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ के एक पात्र द्वारा दिए गए भाषण की तरह लिखित था। वह फिल्म के पात्र चतुर रामलिंगम का वस्तुत: उल्लेख कर रहे थे। यह किरदार ओमी वैद्य ने निभाया था। 
 
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी में एक जनसभा को आज संबोधित किया। यह जनसभा मंदसौर के किसान आंदोलन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में छह किसानों के मारे जाने की घटना के एक साल पूरे होने पर आयोजित की गई थी। (भाषा) 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

प्रणब मुखर्जी को बेटी शर्मिष्ठा की नसीहत, कहा- भाषण को भुला दिया जाएगा, तस्वीरें रह जाएंगी