Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं, देश की 17वीं महिला CM

हमें फॉलो करें Atishi

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, शनिवार, 21 सितम्बर 2024 (19:10 IST)
Atishi became Chief Minister of Delhi:  आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और वह राष्ट्रीय राजधानी में इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाली सभी तीन महिलाओं में सबसे कम उम्र की हैं। वह स्वतंत्र भारत में मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होने वाली 17वीं महिला भी बन गई हैं। 
 
वैसे वरिष्ठ आप नेता आतिशी का मुख्यमंत्री के रूप में संक्षिप्त कार्यकाल होगा क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनाव फरवरी में होने वाले हैं। पहली बार की विधायक आतिशी पार्टी का एक बड़ा चेहरा हैं और उन्होंने आबकारी नीति मामले के सिलसिले में अरविंद केजरीवाल के तिहाड़ जेल में रहने के दौरान आप का कामकाज संभाला। ALSO READ: आतिशी बनीं दिल्ली की मुख्‍यमंत्री, Delhi की तीसरी महिला CM हैं Atishi
 
केजरीवाल ने कालकाजी से विधायक आतिशी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया था। उससे पहले केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। भाजपा की सुषमा स्वराज और कांग्रेस की शीला दीक्षित के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी (43) महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। ALSO READ: Atishi Marlena: भोपाल के बैरसिया में खेती भी कर चुकी हैं आतिशी मर्लेना
 
वह दिल्ली की सबसे कम उम्र की मुख्यमंत्री हैं। दीक्षित ने जब मुख्यमंत्री का पदभार संभाला था तब वह 60 साल की थीं। सुषमा स्वराज दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के समय 46 साल की थीं। वैसे आतिशी फिलहाल देश में दूसरी महिला मुख्यमंत्री हैं। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं। ALSO READ: स्वाति मालीवाल का खुलासा, क्या है अफजल गुरु से आतिशी के परिवार का कनेक्शन?
 
भारत के इतिहास में सभी महिला मुख्यमंत्रियों की सूची इस प्रकार है:
 
  • सुचेता कृपलानी : स्वतंत्र भारत की पहली महिला मुख्यमंत्री, कृपलानी ने 1963 से 1967 तक उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सरकार का नेतृत्व किया।
  • नंदिनी सत्पथी : किसी भारतीय राज्य की दूसरी महिला मुख्यमंत्री। इन कांग्रेस नेता ने 1972 से 1976 तक ओडिशा का शासन संभाला था। उनका कार्यकाल 1975 में आपातकाल की घोषणा समकालीन था।
  • शशिकला काकोडकर : महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी की नेता काकोडकर1973 से 1979 तक दो बार गोवा, दमन और दीव के केंद्र शासित प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं। गोवा को 1987 में राज्य का दर्जा मिला, जबकि दमन और दीव केंद्र शासित प्रदेश बना रहा।
  • अनवरा तैमूर : किसी भारतीय राज्य की पहली मुस्लिम महिला मुख्यमंत्री, उन्होंने 1980 से 1981 तक असम में कांग्रेस सरकार का नेतृत्व किया।
  • वीएन जानकी रामचंद्रन : अभिनेत्री से नेता बनीं वीएन जानकी रामचंद्रन तमिलनाडु की पहली महिला मुख्यमंत्री होने के अलावा भारत में यह पद संभालने वाली पहली फिल्म कलाकार भी थीं। अपने पति एमजी रामचंद्रन की मृत्यु के बाद 1988 में वह 23 दिनों तक मुख्यमंत्री रहीं।
  • जे जयललिता : अभिनय से राजनीति में कदम रखने वालीं अन्य अभिनेत्री, जयललिता ने छह कार्यकालों में 14 वर्षों से अधिक समय तक तमिलनाडु की मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।
  • मायावती : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो ने कुल मिलाकर सात वर्षों तक 4 बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।
  • राजिंदर कौर भट्टल : पंजाब की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री के रूप में इन कांग्रेस नेता का कार्यकाल 1996 से 1997 तक रहा।
  • राबड़ी देवी : 1997 में अपने पति लालू प्रसाद यादव के जेल जाने के बाद सत्ता की बागडोर संभालने वाली वह बिहार की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं।
  • सुषमा स्वराज : दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री के तौर पर इन भाजपा नेता का 1998 में 52 दिनों का संक्षिप्त कार्यकाल था।
  • शीला दीक्षित : दिल्ली की सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाली वरिष्ठ कांग्रेस नेता नेता। वह 1998 से 2013 तक 15 वर्षों तक इस पद पर रहीं।
  • उमा भारती : राम जन्मभूमि आंदोलन की नेता, वह 2003 से 2004 तक मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं।
  • वसुंधरा राजे : ग्वालियर राज परिवार के विजयाराजे सिंधिया और जीवाजीराव सिंधिया की बेटी वसुंधरा राजे ने 10 साल तक राजस्थान की मुख्यमंत्री के रूप में शासन किया।
  • ममता बनर्जी : पश्चिम बंगाल की मौजूदा मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो 2011 में सत्ता संभालने के बाद से लगातार तीसरे कार्यकाल में मुख्‍यमंत्री हैं।
  • आनंदीबेन पटेल : गुजरात की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री, उन्होंने नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पदभार संभाला। उनका कार्यकाल 2014 से 2016 तक रहा।
  • महबूबा मुफ़्ती : पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता जम्मू-कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री थीं। वह तत्कालीन राज्य की अंतिम मुख्यमंत्री भी थीं। (एजेंसी/वेबदुनिया)
    Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Bihar : UPSC परीक्षा पास किए बिना 18 साल का लड़का बना IPS Officer, दे रहा था समोसा पार्टी, पुलिस ने ऐसे दबोचा