महिलाओं को मुफ्त LPG सिलेंडर को देने को लेकर आतिशी ने साधा BJP पर निशाना
'आप' की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि राजधानी की महिलाएं भाजपा द्वारा चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा किए जाने का इंतजार कर रही हैं।
Publish Date: Tue, 11 Mar 2025 (16:37 IST)
Updated Date: Tue, 11 Mar 2025 (16:41 IST)
Atishi targeted BJP: आम आदमी पार्टी (AAP) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सत्ता में हाल में काबिज हुई भारतीय जनता पार्टी (BJP)द्वारा होली के अवसर पर महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के किए गए वादे पर मंगलवार को सवाल उठाया। 'आप' की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी (Atishi) ने कहा कि राजधानी की महिलाएं भाजपा द्वारा चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा किए जाने का इंतजार कर रही हैं।।
ALSO READ: दिल्ली में सभी महिलाओं को नहीं मिलेंगे 2500 रुपए, रजिस्ट्रेशन से पहले जान लीजिए सभी शर्तें
रेखा गुप्ता से पूछा सवाल : उन्होंने कहा कि मैं भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पूछना चाहती हूं कि क्या वे होली पर दिल्ली की महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का अपना वादा पूरा करेंगी या यह भी महिलाओं को 2,500 रुपए मासिक वित्तीय सहायता प्रदान करने जैसा एक और जुमला साबित होगा।
भाजपा सरकार ने समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी : भाजपा सरकार ने दिल्ली में गरीब परिवारों की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान कराने के लिए महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी है और इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस योजना के लिए अभी पंजीकरण शुरू होना बाकी है। 'आप' ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने दिल्ली में महिलाओं के बैंक खातों में 2,500 रुपए जमा करने का अपना वादा भी पूरा नहीं किया है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta