Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

दुनियाभर में BBC के सबसे अधिक दर्शक-श्रोता भारत में हैं

हमें फॉलो करें दुनियाभर में BBC के सबसे अधिक दर्शक-श्रोता भारत में हैं
, गुरुवार, 23 जुलाई 2020 (20:44 IST)
भारत में बीबीसी न्यूज़ का कंटेंट 6 करोड़ लोगों तक पहुँच रहा है। इसमें वे दर्शक, पाठक और श्रोता शामिल हैं जो सप्ताह में कम-से-कम एक बार बीबीसी का कटेंट अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर देखते-पढ़ते या सुनते हैं। नए आंकड़ों के मुताबिक, भारत बीबीसी न्यूज़ के लिए पिछले साल की तरह इस बार भी सबसे बड़ी ऑडियंस वाला देश बना हुआ है। 
 
बीबीसी का कंटेंट हिंदी और अंग्रेज़ी के अलावा, तमिल, गुजराती, पंजाबी, मराठी, तेलुगु, उर्दू और बांग्ला जैसी भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध है। ज्यादा लोगों तक पहुँच की एक प्रमुख वजह बेहतरीन डिजिटल ग्रोथ है जिसमें 186 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। 
 
दुनिया भर में बीबीसी के पाठकों-दर्शकों के ताज़ा आंकड़ों के बारे में बीबीसी के महानिदेशक टोनी हॉल ने कहा, 'ब्रिटेन को बीबीसी की पूरी वैश्विक संभावनाओं पर काम करना होगा।'
 
नए आंकड़े ये भी बताते हैं कि बीबीसी की साप्ताहिक ग्लोबल रीच बढ़कर 46.82 करोड़ हो गई है। पिछले साल के मुक़ाबले ये संख्या 11 फ़ीसदी अधिक है और बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के लिए यह रिकॉर्ड संख्या है।
 
बीबीसी न्यूज़ की वैश्विक भाषा सेवाओं के बीच बीबीसी हिंदी सेवा के डिजिटल पाठकों की संख्या में सबसे अधिक 175 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और अब बीबीसी हिंदी डिजिटल माध्यमों से हर सप्ताह 1.3 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुँचता है।
 
टीवी और सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्मों सहित अन्य प्रसारण माध्यमों के ज़रिए बीबीसी हिंदी अब हर सप्ताह कुल मिलाकर 2.49 करोड़ लोगों तक पहुँच रहा है। बीबीसी की अंतरराष्ट्रीय भाषाओं की सेवाओं में डिजिटिल माध्यमों से लोगों तक पहुँचने के मामले में बीबीसी हिंदी सबसे लोकप्रिय न्यूज़ सर्विस बन गई है। 
 
बीबीसी में भारतीय भाषाओं की प्रमुख रूपा झा का कहना है, 'भारतीय भाषाओं में बीबीसी न्यूज़ के प्रभाव और ज़बर्दस्त डिजिटल ग्रोथ को देखना बेहद उत्साहित करने वाला है। वो भी ऐसे एक बाज़ार में, जो न सिर्फ़ ख़बरों से भरा है बल्कि जिसमें स्पष्ट, निष्पक्ष और रचनात्मक ख़बरों की ज़रूरत साफ़ दिखती है।'
 
उन्होंने कहा, 'भारतीय दर्शकों के बीच हमने जिस भरोसे और विश्वसनीयता को बनाए रखा है, हमें उस पर गर्व है। इसी भरोसे और विश्वसनीयता के कारण ख़बरों के बाज़ार में लगातार दो वर्षों से बीबीसी मज़बूती से अपनी ग्रोथ दर्ज करा रहा है। ये देखना सुखद है कि ग़लत सूचनाओं और फ़र्जी ख़बरों के दौर में दर्शकों ने बीबीसी की विश्वसनीय और निष्पक्ष पत्रकारिता पर अपना भरोसा क़ायम रखा है।'
 
पिछले साल बीबीसी ग्लोबल न्यूज़ (अंग्रेज़ी) ने भी भारतीय दर्शकों की संख्या में बढ़त दर्ज की है जो अब प्रति सप्ताह 1.11 करोड़ तक पहुंच गई है। बीबीसी ग्लोबल न्यूज़ में अंग्रेज़ी टीवी चैनल 'बीबीसी वर्ल्ड न्यूज़' और 'BBC.com' शामिल हैं।
 
वैश्विक आंकड़ों के बारे में बीबीसी के महानिदेशक टोनी हॉल ने कहा, 'कामयाबी के लिए हमें अपने सभी अंतरराष्ट्रीय संसाधनों का इस्तेमाल करना होगा और हमें बीबीसी की सभी संभावनाओं का पूरा इस्तेमाल करना होगा। आज बीबीसी, ब्रिटेन के सबसे मज़बूत और जानेमाने ब्रैंड्स में से एक है। ये दुनिया भर में गुणवत्ता और निष्पक्षता का पर्याय बन चुका है।'
 
मार्च 2020 में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार के साथ दुनिया भर में सही और तथ्यपूर्ण ख़बरों की मांग बढ़ गई और इसी के साथ बीबीसी ने किसी भी अन्य अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान के मुक़ाबले अपनी रीच में सबसे ज़्यादा बढ़त दर्ज की है। दुनियाभर में  42 अलग-अलग भाषाओं में बीबीसी की कवरेज से लगभग 46 करोड़ लोग रूबरू होते हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

UP में Coronavirus के खात्मे के लिए योगी सरकार की बड़ी रणनीति, आधे घंटे में मिल जाएगी रिपोर्ट