Publish Date: Thu, 13 Feb 2020 (12:49 IST)
Updated Date: Thu, 13 Feb 2020 (14:22 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सीजेएम कोर्ट में गुरुवार को हुए एक धमाके में कई वकीलों के घायल होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक हमला देसी बम से बार काउंसिल के एक पदाधिकारी पर किया गया था।
मौके पर मौजूद वेबदुनिया संवाददाता ने बताया कि अदालत परिसर में 3 जिंदा बम भी बरामद हुए हैं। धमाका सीजेएम कोर्ट में हुआ है। घटना की सूचना मिलने के तत्काल बाद वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पता चला है कि बार काउंसिल के पदाधिकारी संजीव लोधी पर हमला किया गया था। हमले में बार के संयुक्त मंत्री संजीव लोधी भी घायल हुए हैं। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर कई वकील इकट्ठे हो गए और उन्होंने नारेबाजी की। साथ ही इस घटना में शामिल लोगों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।